IPL 2026

तमिलनाडु में हुआ विभागों का बंटवारा, सीएम विजय ने अपने पास रखे ये महत्वपूर्ण मंत्रालय

तमिलनाडु के वरिष्ठतम नेताओं में से एक के.ए. सेंगोत्तैयान को वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. सेंगोत्तैयान को  50 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है.

@TVKpulse
Sagar Bhardwaj

अभिनेता से नेता बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच विभागों का बंटवारा कर प्रशासनिक ढांचे को आकार देना शुरू कर दिया है. विभागों के बंटवारे के दौरान नई सरकार में अनुभवी प्रशासकों और नए राजनीतिक चेहरों के बीच संतुलन की पूरी कोशिश की गई है.

सीएम विजय ने अपने पास रखे सबसे ज्यादा विभाग

सीएम विजय ने सामान्य प्रशासन और लोक निर्माण सहित महिला एवं युवा कल्याण जैसे विभाग अपने पास रखे हैं जो दर्शाता है कि सीएम खुद जनहित से जुड़े कार्यों की निगरानी करना चाहते हैं. इसके अलावा विजय ने आईएएस, आईपीएस, जिला राजस्व अधिकारी, पुलिस, गृह, विशेष कार्यक्रम क्रियान्वयन, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यागजनों का कल्याण, नगर प्रशासन, शहरी एवं जल आपूर्ति विभाग अपने पास रखा है.

वहीं विजय के सबसे करीबी सहयोगी और टीवीके के संस्थापक पदाधिकारियों में से एक माने जाने वाले 61 वर्षीय नेता बुस्सी एन आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन का प्रभार दिया गया है. मंत्री और टीवीके के महासचिव आधव अर्जुन सार्वजनिक कार्यों और  खेल विकास को संभालेंगे.

केजी अरुणराज को स्वास्थ्य विभाग

डॉक्टर से सिवल सेवक बने केजी अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है. इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार, भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी ने टीवीके में प्रचार और नीति के महासचिव के रूप में शामिल होने से पहले स्वैच्छिक रिटायरमेंट ले लिया था. इससे पहले उन्होंने तमिलनाडु, बिहार और महाराष्ट्र में आयकर विभाग में अपनी सेवाएं दी थीं.

के.ए. सेंगोत्तैयान को मिला वित्त विभाग

वहीं तमिलनाडु के वरिष्ठतम नेताओं में से एक के.ए. सेंगोत्तैयान को वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. सेंगोत्तैयान को  50 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है. AIADMK के पूर्व दिग्गज नेता सेंगोत्तैयान को पश्चिमी तमिलनाडु के मजबूत प्रदर्शन के प्रमुख सूत्रधारों में से एक माना जाता है जो कभी AIADMK का गढ़ हुआ करता था. AIADMK  से निष्कासन के बाद सेंगोत्तैयान नवंबर 2025 में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने और वर्तमान में पार्टी के कार्यकारी समिति के मुख्य समन्वयक के रूप में कार्यरत हैं.

पी. वेंकटरमन को खाद्द एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बनाया गया है जबकि आर. निर्मलकुमार ऊर्जा एवं कानून व्यवस्था मंत्रालय संभालेंगे. कुमार ने बीजेपी और AIADMK के सोशल मीडिया वॉर रूम के अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए टीवीके के डिजिटल अभियान रणनीति के सूत्रधार के रूप में अपनी पहचान बनाई.

डिजिटल क्रिएटर प्लेटफॉर्म से उभरे राजमोहन अरुमुगम ने टीवीके को मिलेनयल और जेन-Z मतदाताओं से जुड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्हें स्कूल शिक्षा, तमिल विकास और सूचना एवं प्रचार का प्रभार सौंपा गया है. वहीं पेशे से दंत चिकित्सक डॉ. टी.के. प्रभु को प्राकृतिक संसाधन मंत्री बनाया गया है जबकि विजय के मंत्रीमंडल में एकमात्र महिला मंत्री एस. कीर्तना को उद्योग मंत्रालय का प्रभार दिया गया है.