तमिलनाडु में कांग्रेस विधायक ने शपथ में कहा- राहुल जिंदाबाद, गवर्नर ने टोका, बोले- ये शपथ का हिस्सा नहीं

किलियूर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता एस राजेश कुमार ने मंत्री पद की शपथ लेते हुए कामराज अमर रहें, भारत रत्न राजीव गांधी अमर रहें, जननायक राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए.

Congress
Sagar Bhardwaj

तमिलनाडु में गुरुवार को हुए विजय सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान फिर से विवाद हो गया. कांग्रेस विधायक राजेश कुमार ने शपथ लेते वक्त कहा, 'कामराज अमर रहें', 'राजीव गांधी अमर रहें', 'जननायक राहुल गांधी जिंदाबाद'. इस पर गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें टोकते हुए कहा कि ये आपकी शपथ का हिस्सा नहीं है. वहीं दूसरा विवाद तमिल गीत बजाने को लेकर हुआ. कार्यक्रम में तमिलनाडु का यह राज्य गीत 'तमिल थाई वजथु' सबसे आखिर में बजाया गया. पिछली सरकारों में यह गीत हमेशा पहले बजाया जाता था.

सीएम की कैबिनेट का हुआ विस्तार

कैबिनेट विस्तार के साथ सीएम विजय की कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या 23 हो गई है जिसमें से दो मंत्री कांग्रेस के हैं.

राहुल गांधी जिंदाबाद को लेकर विवाद

किलियूर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता एस राजेश कुमार ने मंत्री पद की शपथ लेते हुए कामराज अमर रहें, भारत रत्न राजीव गांधी अमर रहें, जननायक राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए. इस पर राज्यपाल ने मुस्कुराते हुए कहा, 'यह आपकी शपथ का हिस्सा नहीं है'. इस पर राजेश मुस्कुराते हुए शपथ दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने चले गए.

सबसे आखिर में बजाया गया थाई वजथु

शपथ समारोह के दौरान सबसे पहले वंदे मातरम और फिर राष्ट्रगान बजाया गया और जब कार्यक्रम समाप्त हो गया तो तमिलनाडु का राज्य गीत तमिल थाई वजथु बजाया गया. इस पर बवाल हो गया. बता दें कि 10 मई को विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ के दौरान भी गानों का यही क्रम अपनाया गया था जिस पर विपक्ष और सहयोगी दलों ने नाराजगी जताई थी. विवाद बढ़ने पर विजय की पार्टी टीवीके ने आश्वासन दिया था कि भविष्य में सभी सरकारी कार्यक्रमों में तमिल गान को सबसे पहले बजाया जाएगा. पार्टी ने उस दौरान कहा था कि ऐसा केंद्र सरकार के एक सर्कुलर के कारण हुआ.