हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद केलरम में कल यानी सोमवार को नई सरकार का गठन होने जा रहा है. कांग्रेस के वीडी सतीशन सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके मंत्रीमंडल में 21 मंत्री होंगे. सतीशन ने रविवार को लोक भवन पहुंचकर गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को कैबिनेट की लिस्ट सौंपी. मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल रहे रमेश चेन्निथला भी वीडी सतीशन की सरकार में मंत्री होंगे.
बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव वें कांग्रेस की अगुवाई वाली यूडीएफ ने 140 में से 102 सीटें जीती थीं, लेकिन जीत के 10 दिन बात तक संगठन सीएम को लेकर फैसला नहीं कर सका था. सतीशन ने कहा कि गठबंधन के नेताओं से चर्चा के बाद मंत्रियों के नाम फाइनल किये गए हैं और ऐसा करते समय सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है.
उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधर और सनी जोसेफ को मंत्रीमंडल में शामिल किया जाएगा. नई सरकार में थिरुवनचूर राधाकृष्णन विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान डिप्टी स्पीकर होंगे. सतीशन ने कहा कि कांग्रेस को 63 सीटें मिलने के बाद भी कई योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी. उन्होंने कहा कि लिस्ट में शामिल और बाहर भी कई योग्य नेता हैं लेकिन कांग्रेस जैसी पार्टी को ऐसे फैसले लेते समय सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और कई अन्य कारकों पर विचार करना होता है.
केरलम की नई सरकार में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के 5 विधायक भी मंत्री बनेंगे. केरलम में मुस्लिम लीग कांग्रेस की अहम सहयोगी है जिसके पास 22 विधायक हैं.
केरलम में नई सरकार का सोमवार को 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा. यह कार्यक्रम तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में होगा. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी के साथ-साथ वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं.