Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'एक महीने से मैं दर्द झेल रही हूं...', स्वाति मालीवाल ने अब राहुल, अखिलेश, उद्धव और शरद पवार को लिखी चिट्ठी

Swati Maliwal: AAP की सांसद स्वाति मालीवाल ने अब INDIA गठबंधन के नेताओं को चिट्ठी लिखकर समय मांगा है. स्वाति मालीवाल ने अपने साथ हुई कथित मारपीट का जिक्र करते हुए इन नेताओं से समय मांगा है और अपने लिए खड़े होने की अपील की है. उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव, शरद पवार, उद्धव ठाकरे समेत INDIA गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं को चिट्ठी लिखी है. बता दें कि खुद उनकी पार्टी यानी आम आदमी पार्टी भी INDIA गठबंधन का हिस्सा रही है और इसी के तहत कांग्रेस और AAP का गठबंधन हुआ था.

Social Media
India Daily Live

आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद अब अपनी ही पार्टी के निशाने पर हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए रहे बिभव कुमार पर मारपीट के आरोप लगाने के बाद से AAP नेताओं ने स्वाति मालीवाल को बीजेपी का मोहरा बताया है. मारपीट के आरोपों पर अरविंद केजरीवाल की चुप्पी और कई अन्य चीजों को लेकर स्वाति मालीवाल लगातार बोलती रही हैं. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकीं स्वाति मालीवाल ने अब विपक्षी पार्टियों के नेताओं को एक चिट्ठी लिखी है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) के मुखिया उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के मुखिया शरद पवार को चिट्ठी लिखकर स्वाति मालीवाल ने समय मांगा है. स्वाति मालीवाल ने इस चिट्ठी में लिखा है कि वह एक महीने से दर्द झेल रही हैं और इस लड़ाई में इन नेताओं का भी साथ चाहती हैं.

मामला पिछले महीने का है, जब अरविंद केजरीवाल अंतरिम जमानत पर चुनाव प्रचार के लिए जेल से बाहर आए थे. स्वाति मालीवाल अचानक अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचीं थीं. आरोप है कि यहां पर बिभव कुमार ने उनसे मारपीट की. इस मामले में AAP का कहना है कि स्वाति मालीवाल बिना अपॉइंटमेंट के ही केजरीवाल के घर पहुंच गई थीं और उनसे कोई मारपीट नहीं हुई. हालांकि, मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने बिभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया था और अभी भी वह न्यायिक हिरासत में है.

चिट्ठी में क्या लिखा?

स्वाति मालीवाल ने उन विपक्षी नेताओं को भी अपने साथ खड़ा होने को कहा है, जो लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े थे. अपने ट्वीट में स्वाति मालीवाल ने लिखा है, 'पिछले 18 सालों से मैंने ज़मीन पर काम किया है और 9 सालों में महिला आयोग में 1.7 लाख केस में सुनवाई करी है. बिना किसी से डरे और किसी के आगे झुके, महिला आयोग को एक बहुत ऊँचे मक़ाम पर खड़ा करा है पर बहुत दुख की बात है कि पहले मुझे मुख्यमंत्री के घर पर बुरी तरह पीटा गया, फिर मेरा चरित्र हरण करा गया. आज इस विषय में मैंने INDIA गठबंधन के सभी बड़े नेताओं को पत्र लिखा है। मैंने सबसे मिलने का समय मांगा है.'

इस चिट्ठी में स्वाति मालीवाल ने लिखा है, 'संसद की सदस्य होने के बावजूद 13 मई को मुझे दिल्ली के मुख्यमंत्री लके पीए द्वारा मारा पीटा गया. मैं पुलिस में शिकायत कर दी तो मेरा साथ देने के बजाय, मुझे डराया-धमकाया गया. मेरा चरित्र हनने करने का अभियान चलाया गया. मुझे रेप और हत्या की धमकियां मिल रही हैं. पिछले एक महीने में मैंने बहुत तकलीफें सही हैं. इस तरह के चरित्र हनन से महिलाएं और लड़कियां खुद पर होने वाले जुल्म के खिलाफ बोलने से डरने लगेंगी. मैं इस मुद्दे पर आपका समय चाहती हूं. मुझे आपके का इंतजार रहेगा.'