500 पन्नों की चार्जशीट, सबूत मिटाने के आरोप, CCTV से छेड़छाड़, क्या कहती है विभव कुमार के खिलाफ दायर चार्जशीट?

दिल्ली पुलिस ने बिभव कुमार के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है. स्वाती मालीवाल केस में बिभव कुमार जेल में हैं. उन पर सबूतों को मिटाने, उनसे छेड़छाड़ करने के आरोप हैं. उन पर लगे गंभीर आरोपों की वजह से उनकी जमानत याचिका कोर्ट की ओर से खारिज हो रही है. 30 जुलाई को कोर्ट, चार्जशीट पर संज्ञान लेगा.

Social Media
India Daily Live

दिल्ली पुलिस ने बिभव कुमार के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है. स्वाती मालीवाल केस में बिभव कुमार जेल में हैं. उन पर सबूतों को मिटाने, उनसे छेड़छाड़ करने के आरोप हैं. उन पर लगे गंभीर आरोपों की वजह से उनकी जमानत याचिका कोर्ट की ओर से खारिज हो रही है. 30 जुलाई को कोर्ट, चार्जशीट पर कोई अहम फैसला ले सकती है. 

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को 500 पन्नों की एक चार्जशीट तीस हजारी कोर्ट में बिभव कुमार के खिलाफ दाखिल की है. बिभव कुमार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव हैं. बिभव कुमार पर आरोप हैं कि उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद, स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट की है. 13 मई को मुख्यमंत्री आवास पर बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ कथित तौर पर मारपीट की, उनका उत्पीड़न किया. बिभव कुमार न्यायिक हिरासत में हैं.

मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गौरव गोयल की कोर्ट में चार्जशीट दाखिल हुई थी. कोर्ट ने बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत 30 जुलाई तक बढ़ा दी है. बिभव कुमार कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए थे. कोर्ट ने कहा है कि 30 जुलाई को उन्हें कोर्ट में पेश होना होगा. 

चार्जशीट पर कोर्ट, 30 जुलाई को ही संज्ञान लेगा. चार्जशीट में 50 लोगों के बयान दर्ज हैं. इसमें से कुछ गवाह के तौर पर दर्ज हैं. आइए जानते हैं बिभव कुमार पर क्या-क्या आरोप लगे हैं.

- बिभव कुमार पर आरोप हैं कि उन्होंने सबूतों से छेड़छाड़ की है. उन्होंने फोन को फॉर्मेट किया है, पासवर्ड शेयर नहीं किया है, डेटा ट्रांसफर नहीं करता है.

- मुख्यमंत्री आवास के बाहर CCTV फुजेट के साथ उन्होंने छेड़छाड़ की है.

बिभव कुमार पर गलत तरीके से किसी को बाहर निकलने से रोकने, महिला के शील को भंग करने, महिला का अपमान करने, धमकी देने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. उन पर फर्जी सूचना देने के भी आरोप हैं. उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 354, 354B, 506, 509, 308 और 201 लगाई गई हैं.


चार्जशीट में किन लोगों के बयान हैं शामिल?

चार्जशीट में स्वाति मालीवाल, बिभव कुमार, मुख्यमंत्री के सुरक्षा स्टाफ और दूसरे लोगों के बयानों का जिक्र है. 12 जुलाई को दिल्ली हाई कोर्ट ने बिभव कुमार की हिरासत 30 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी है.  दिल्ली हाई कोर्ट ने 7 जून को बिभव कुमार की दूसरी जमानत याचिका खारिज की थी. ट्रायल कोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका भी 27 मई को खारिज कर दी थी.