सूरत में साड़ी पैकिंग के दौरान भड़की आग, जहरीले धुएं से 4 महिलाओं और एक मासूम की गई जान
सूरत के लिंबायत इलाके में साड़ी पैकिंग के दौरान लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान ले ली. फोम शीट के रसायनों से निकले जहरीले धुएं और दम घुटने के कारण चार महिलाओं और एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई.
नई दिल्ली: गुजरात के औद्योगिक शहर सूरत से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मंगलवार सुबह लिंबायत थाना क्षेत्र की 'मीठी खाड़ी' बस्ती में एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में चार महिलाएं और एक चार साल का मासूम बच्चा शामिल है. यह हादसा उस समय हुआ जब घर के भीतर साड़ियों की पैकिंग का काम चल रहा था.
पुलिस उपायुक्त (DCP) कानन देसाई के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 10 बजे घटित हुआ. चूंकि उस दिन सार्वजनिक अवकाश था, इसलिए परिवार ने पैकिंग के लिए सामान्य से अधिक मात्रा में फोम शीट और अन्य ज्वलनशील सामग्री घर में जमा कर रखी थी. शुरुआती जांच और दमकल विभाग के साथ हुई चर्चा में यह संकेत मिले हैं कि बिजली के स्विचबोर्ड के पास रखी फोम शीट में शॉर्ट सर्किट की चिंगारी गिरने से आग भड़की. फोम में रसायनों की मौजूदगी के कारण आग लगते ही पूरे घर में घना और जहरीला धुआं फैल गया.
बचने की कोशिश बनी मौत का जाल
चश्मदीद यूनुस खान ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका ही नहीं मिला. घबराए हुए परिजन खुद को सुरक्षित रखने के इरादे से घर के पिछले कमरे की ओर भागे, लेकिन फोम के जलने से निकली जहरीली गैस उनके लिए जानलेवा साबित हुई. घने धुएं के कारण राहत कर्मियों को भी पीड़ितों तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी. धुएं की चपेट में आने से सभी की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान और परिवार की स्थिति
पुलिस ने मृतकों की पहचान शहनाज बेगम अंसारी (65), हुसा बेगम अंसारी (18), शबीना अंसारी (28), परवीन अब्दुल अंसारी (19) और सुभान अली अंसारी (4) के रूप में की है. यह परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और सूरत में साड़ी पैकिंग के काम से अपनी आजीविका चला रहा था. जिस समय यह भयावह घटना हुई, परिवार के पुरुष सदस्य काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे. इस हादसे ने एक ही झटके में पूरे परिवार को उजाड़ दिया है.