जब जेल में हैं सरकार तो कैसे करेंगे प्रचार..., मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने आजम खान को बनाया स्टार प्रचारक

समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में आजम खान का भी नाम शामिल है.

Sagar Bhardwaj

Azam Khan SP Star Campaigner For Madhya Pradesh: अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है. मध्य प्रदेश के लिए पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है. इस सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम जेल में बंद सपा के महासचिव आजम खान का है. जी हां, सपा ने आजम खान को भी मध्य प्रदेश में स्टार प्रचारक बनाया है.

लिस्ट में 20 लोगों के नाम

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कुल 20 नाम शामिल हैं, जिसमें आजम खान के अलावा अखिलेश यादव, जया बच्चन और डिंपल यादव का भी नाम शामिल है.

सीतापुर की जेल में बंद हैं आजम खान

बता दें कि आजम खान इस समय सीतापुर की जेल में बंद हैं. आजम के  अलावा उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को भी कोर्ट ने सात-सात साल की सजा सुनाई है. उनके परिवार को यह सजा अपने बेटे का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में हुई है.

जेल में बंद आजम कैसे करेंगे प्रचार

सपा ने आजम को स्टार प्रचारक तो बना दिया है लेकिन सवाल ये है कि जेल में बंद आजम आखिर प्रचार कैसे करेंगे. वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्टार प्रचारकों की लिस्ट में आजम खान का नाम एक रणनीति के तहत डाला गया है.
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा का चुनाव होगा और 3 दिसंबर को चुनाव के परिणाम घोषित होंगे.

यह भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट, 56 नाम शामिल