'मेरा इरादा...', मर्सिडीज की जांच के बाद यूट्यूबर सौरव जोशी ने E20 पर दी सफाई, जानें क्या कहा?
यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपनी मर्सिडीज कार की माइलेज घटने के मामले में नया बयान जारी करते हुए कहा कि समस्या E20 पेट्रोल नहीं, बल्कि इंजन की खराबी थी. मर्सिडीज की सफाई के बाद उन्होंने अपने पुराने बयान पर खेद भी जताया.
देश के लोकप्रिय व्लॉगर सौरव जोशी की मर्सिडीज कार की माइलेज को लेकर उठे विवाद में नया मोड़ आ गया है. पहले उन्होंने E20 पेट्रोल को कम माइलेज के लिए जिम्मेदार बताया था, लेकिन अब मर्सिडीज सर्विस सेंटर की जांच के बाद उन्होंने कहा है कि असली वजह इंजन में आई तकनीकी खराबी थी. कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद सौरव जोशी ने अपने बयान पर अफसोस जताया और कहा कि उनका उद्देश्य गलत जानकारी फैलाना नहीं था.
मर्सिडीज की जांच में सामने आई इंजन की समस्या
सौरव जोशी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने नए बयान में बताया कि उनकी मर्सिडीज एसयूवी की जांच अधिकृत सर्विस सेंटर में कराई गई. जांच के दौरान तकनीकी टीम ने पाया कि वाहन के इंजन में खराबी थी, जिसकी वजह से माइलेज में भारी गिरावट आई. इसके बाद उन्होंने स्वीकार किया कि E20 पेट्रोल को दोष देना सही नहीं था. सौरव ने कहा कि यदि उनके पहले बयान से किसी तरह की गलतफहमी पैदा हुई है तो इसके लिए उन्हें खेद है. उन्होंने यह भी बताया कि अपने वीडियो का संबंधित हिस्सा संशोधित कर दिया गया है, हालांकि वह क्लिप अब भी अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही है.
Also Read
मर्सिडीज और सरकार ने दी अपनी सफाई
सौरव जोशी के वीडियो के वायरल होने के बाद मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि कंपनी के सभी BS-VI पेट्रोल वाहन E20 ईंधन के साथ पूरी तरह अनुकूल हैं और संबंधित सरकारी मानकों के अनुसार प्रमाणित भी हैं. कंपनी ने ग्राहकों से किसी भी तकनीकी समस्या के लिए अधिकृत सर्विस सेंटर से संपर्क करने की अपील की. दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने भी इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम का बचाव करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ी है, चीनी उद्योग को मजबूती मिली है और वर्ष 2014-15 से अब तक देश को लगभग 1.90 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है. सरकार ने कहा कि यह कार्यक्रम ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ईंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.