सोनिया गांधी ने माना PM मोदी का राजनीतिक सफर! किताब में लिखा- RSS से मेहनत के दम पर सत्ता तक पहुंचे मोदी

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों और राजनीतिक विचारों को लेकर कई अहम बातें शेयर की हैं.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों और राजनीतिक विचारों को लेकर कई अहम बातें शेयर की हैं. उनकी नई किताब Belonging: A Journey of Love में सोनिया गांधी ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बातचीत बेहद सीमित रही है. दोनों के बीच सरकारी कार्यक्रमों में कभी-कभार औपचारिक मुलाकात हुई है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर कभी कोई लंबी बातचीत नहीं हुई.

सोनिया गांधी की यह किताब मंगलवार को हार्परकोलिन्स इंडिया ने प्रकाशित की. इसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, परिवार, राजनीतिक सफर और देश को लेकर अपनी सोच के बारे में विस्तार से लिखा है. चलिए जानते हैं सोनिया गांधी ने पीएम मोदी के साथ राजनीतिक संबंध पर क्या लिखा है.

PM मोदी और सोनिया गांधी के बीच कैसी रही बातचीत?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई. संसद के सत्र खत्म होने के बाद स्पीकर के कक्ष में होने वाली बैठकों और कुछ सरकारी कार्यक्रमों में उनकी मुलाकात होती रही है.


उन्होंने एक खास बात का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह अस्पताल से इलाज करवाकर लौटती थीं, तब प्रधानमंत्री मोदी कभी-कभी उनकी तबीयत के बारे में पूछते थे. पीएम मोदी उनसे पूछते थे, "ठीक हैं आप?" इस पर सोनिया गांधी जवाब देती थीं कि अब वह ठीक हैं और धन्यवाद.

सोनिया के मुताबिक, इन छोटी-मोटी बातचीत के अलावा दोनों के बीच कभी कोई खास चर्चा नहीं हुई. हालांकि, समय-समय पर जन्मदिन और नए साल की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान होता रहा है.

मोदी के राजनीतिक सफर को लेकर क्या बोलीं सोनिया?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा है कि मोदी ने आरएसएस के भीतर अपनी मेहनत से राजनीतिक पहचान बनाई और आगे बढ़ते हुए सत्ता तक पहुंचे. उन्होंने मोदी की पृष्ठभूमि और अपने राजनीतिक सफर के बीच अंतर भी बताया है. सोनिया के अनुसार, दोनों का जीवन अनुभव और राजनीति में आगे बढ़ने का रास्ता अलग-अलग रहा है.

भारत को लेकर दोनों की सोच अलग क्यों?

किताब में सोनिया गांधी ने भारत को लेकर अपने और प्रधानमंत्री मोदी के विचारों में अंतर भी बताया है. उन्होंने लिखा है कि भारत को लेकर उनकी सोच परिवार से मिले संस्कारों और देश की विविधता पर आधारित है. उनके अनुसार, भारत ऐसा देश होना चाहिए जहां अलग-अलग धर्म, भाषा, संस्कृति और समुदाय के लोगों को समान अधिकार और सम्मान मिले.

वहीं, सोनिया गांधी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी की भारत को लेकर सोच आरएसएस की विचारधारा और उनके व्यक्तिगत अनुभवों से प्रभावित है. उन्होंने अपनी विचारधारा को समावेशी, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय पर आधारित भारत की सोच बताया है. उनके अनुसार, दोनों अलग-अलग विचारों के लिए राजनीति करते रहे हैं और यह व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है.

क्या है सोनिया गांधी की नई किताब?

Belonging: A Journey of Love सिर्फ राजनीतिक घटनाओं पर आधारित किताब नहीं है. इसमें सोनिया गांधी ने अपने परिवार, जीवन के अनुभवों, रिश्तों और भारत के प्रति अपनी भावनाओं को भी जगह दी है. प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके सीमित संपर्क और वैचारिक मतभेद इस किताब के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक हैं.