menu-icon
India Daily

रेलवे के लिए अमंगल! पहले हादसा, अब बम की धमकी के बाद पंजाब में जम्मू-जोधपुर एक्सप्रेस रोकी गई; तलाश जारी

Jammu Jodhpur Express Train: भारतीय रेलवे के लिए मंगलवार अमंगल साबित हो रहा है. पहले झारखंड के चक्रधरपुर में मुंबई-हावड़ा मेल के कई डिब्बे बेपटरी हो गए. इसके बाद रेलवे से जुड़ी दूसरी बुरी खबर पंजाब से आई. जहां सोमनाथ एक्सप्रेस में बम होने की धमकी मिली. फिलहाल, सोमनाथ एक्सप्रेस को पंजाब में रोका गया है और ट्रेन की तलाशी ली जा रही है.

India Daily Live
रेलवे के लिए अमंगल! पहले हादसा, अब बम की धमकी के बाद पंजाब में जम्मू-जोधपुर एक्सप्रेस रोकी गई; तलाश जारी
Courtesy: Social Media

Jammu Jodhpur Express Train: पहले झारखंड के चक्रधरपुर में हादसा, फिर चंद घंटे बाद सोमनाथ एक्सप्रेस ट्रेन में बम की धमकी. मंगलवार रेलवे के लिए अब तक अमंगल साबित होता दिख रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बम की धमकी के बाद जम्मू से राजस्थान के जोधपुर जा रही सोमनाथ एक्सप्रेस ट्रेन को पंजाब के फिरोजपुर के कासू बेगू स्टेशन पर रोक दिया गया. पंजाब पुलिस को ट्रेन में बम होने की धमकी का फोन आया था. फिलहाल, पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और जांच जारी है.

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन में धमकी की खबर के बाद फिरोजपुर एसएसपी भी कासू बेग स्टेशन पहुंचीं. फिरोजपुर एसएसपी सौम्या मिश्रा ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि कासू बेगू रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन रुकी हुई है...पुलिस मौके पर पहुंच गई है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है.

एहतियातन यात्रियों को निकाला बाहर

एसएसपी ने बताया कि एहतियातन यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाल लिया गया है. पंजाब पुलिस की तीन बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं. डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. फिलहाल, ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. उधर, ट्रेन से जब यात्रियों को उतारा जा रहा था, तब उन्हें कुछ नहीं बताया गया, लेकिन जब यात्रियों को ट्रेन में बम होने की जानकारी मिली तो वे दहशत में आ गए. 

फिरोजपुर रेलवे मंडल की ओर से इस संबंध में बयान जारी किया गया है. बताया गया कि जम्मू तवी भगत की कोठी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19226) में बम की सूचना मिली. जिस वक्त धमकी मिली, उस वक्त ट्रेन फरीदकोट रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी. जानकारी के बाद ट्रेन को सुबह करीब 7 बजकर 42 मिनट पर कासू बेगू रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया. 

सूत्रों का कहना है कि ट्रेन में बम की सूचना अफवाह है. पड़ताल पूरी हो चुकी है, ट्रेन से किसी तरह का बम नहीं बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि ट्रेन को पंजाब में रोके जाने और बम की खबर के बाद इस रूट पर कुछ ट्रेनें प्रभावित भी हुईं हैं. इनमें यात्री और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं.