शंकराचार्य पर आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हुआ हमला, खून से लथपथ पहुंचे पुलिस स्टेशन
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर बाल शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया कि प्रयागराज जाते समय ट्रेन में उन पर हमला हुआ. घायल हालत में उन्होंने रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बाल शोषण का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक नया आरोप लगाकर सनसनी मचा दी है. उनका कहना है कि प्रयागराज जाते समय ट्रेन में उन पर हमला किया गया. ब्रह्मचारी के अनुसार यह घटना सुबह उस समय हुई जब वह ट्रेन के शौचालय की ओर जा रहे थे. घायल हालत में वह रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ट्रेन यात्रा के दौरान हमला
आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह उत्तर प्रदेश के शामली से गाजियाबाद पहुंचे और वहां से रीवा एक्सप्रेस की फर्स्ट क्लास बोगी में बैठकर प्रयागराज जा रहे थे. उनका कहना है कि जब ट्रेन सिराथू स्टेशन के पास पहुंची, तब वह शौचालय की ओर गए. इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया. ब्रह्मचारी ने दावा किया कि उन्होंने खुद को शौचालय में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई.
घायल हालत में पुलिस के पास पहुंचे
हमले के बाद ब्रह्मचारी रेलवे पुलिस थाने पहुंचे, जहां उनके कपड़ों पर खून के निशान दिखाई दिए. उन्होंने बताया कि इस हमले में उनके नाक सहित शरीर के कुछ हिस्सों में चोटें आई हैं. पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है. डॉक्टरों द्वारा उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है ताकि चोटों की पुष्टि हो सके.
शंकराचार्य पर लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाए थे. उनका कहना था कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लाए गए नाबालिग शिष्यों, जिन्हें ‘बटुक’ कहा जाता है, को प्रयागराज स्थित आश्रम में रखा जाता था और उनके साथ दुर्व्यवहार होता था. उन्होंने इस मामले में कुछ लोगों के नाम भी सार्वजनिक करने की बात कही थी. इस मामले में शंकराचार्य के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज है.
आरोपों को बताया साजिश
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि ये आरोप सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए गढ़े गए हैं. वहीं ट्रेन में हमले की घटना पर उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सुरक्षा हासिल करने के लिए रचा गया नाटक भी हो सकता है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है.
और पढ़ें
- 'अपने काम से मतलब रखो', कमल हासन ने ट्रंप पर किया पलटवार, रूसी तेल खरीदने पर भारत को छूट देने वाले बयान पर भड़के
- कतर में एयरपोर्ट पर फंसे भारतीयों के लिए इंडियन एंबेसी की अर्जेंट एडवाइजरी, दूतावास ने जारी की जरूरी गाइडलाइंस
- ईरान-अमेरिका जंग के बीच सुरक्षित घर लौटे 52 हजार भारतीय, सरकार ने जारी की नई एडवाइजरी