5 मिनट की देरी होने पर दौड़कर मीटिंग में पहुंचीं जापान की मंत्री, पूरे देश से मांगी माफी, वीडियो देखकर क्या कह रहे लोग?
जापान की आर्थिक सुरक्षा मंत्री किमी ओनोडा का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह कैबिनेट मीटिंग में पांच मिनट देर से पहुंचने के बाद पूरे देश से माफी मांगती हैं. ट्रैफिक जाम की वजह से हुई देरी के बावजूद उन्होंने जिम्मेदारी लेते हुए सार्वजनिक रूप से खेद जताया.
नई दिल्ली: जापान में समय की पाबंदी को बहुत सीरियसली लिया जाता है. थोड़ी देर से पहुंचना भी गलती मानी जाती है. इसीलिए एक जापानी मंत्री का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसकी वजह है मीटिंग में सिर्फ पांच मिनट की देरी होना, जिसके बाद पूरे देश से माफी मांगी गई.
जापान की इकोनॉमिक सिक्योरिटी मिनिस्टर, किमी ओनोडा वायरल वीडियो में दिख रही हैं. बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार सुबह कैबिनेट मीटिंग के लिए जा रही थीं. अचानक हुए एक रोड एक्सीडेंट की वजह से ट्रैफिक जाम हो गया, जिससे वह समय पर नहीं पहुंच पाईं.
वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?
जैसे ही वह मीटिंग की जगह के पास पहुंचीं, वह टैक्सी से उतरीं और तेजी से बिल्डिंग के अंदर चली गईं. हाथ में बैग लिए 43 साल की मंत्री एक असिस्टेंट के साथ मीटिंग रूम की ओर तेजी से सीढ़ियां उतरती दिख रही हैं.
कैमरे की फुटेज में वह पल कैद हो गया जब जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची मीटिंग रूम में आईं. कमरे में मौजूद सभी मंत्री उनका स्वागत करने के लिए खड़े हो गए. थोड़ी देर बाद कैमरा अंदर गया, जिसमें किमी ओनोडा की सीट खाली दिखी. जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या थी देरी होने की वजह?
रिपोर्ट के मुताबिक मीटिंग के बाद मंत्री किमी ओनोडा ने देश से माफी मांगी. उन्होंने बताया कि रास्ते में अचानक हुए एक सड़क हादसे की वजह से ट्रैफिक रुक गया था, जिससे वह समय पर नहीं पहुंच पाईं. उन्होंने कहा कि वह भविष्य में ऐसी स्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने के लिए और ज्यादा सतर्क रहेंगी.
लोगों का कैसा रहा रिएक्शन?
हालांकि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके व्यवहार की तारीफ की. लोगों ने कहा कि नेताओं का इस तरह से जिम्मेदारी लेना अब कम होता जा रहा है. एक यूजर ने लिखा कि मंत्री जी आमतौर पर मीटिंग के लिए 15-20 मिनट पहले पहुंचने की आदत बनाती हैं, जो उनके जिम्मेदार रवैये को दिखाता है.
जापान में समय की पाबंदी क्यों है जरूरी?
जापानी कल्चर में समय की पाबंदी को सम्मान और भरोसे की निशानी माना जाता है. देर से पहुंचना अक्सर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार माना जाता है. शायद इसीलिए पांच मिनट की देरी और उसके बाद माफी मांगने की यह घटना दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है.
और पढ़ें
- अमेरिकी अदालत के फैसले के बाद बदल गए स्कॉट बेसेंट के तेवर, भारत पर लगे टैरिफ को बताया था सही अब कही ये बात
- 'आज ईरान के लिए कयामत की रात', अमेरिका का फाइनल स्क्रीप्ट तैयार, ईरान को मिली फाइनल धमकी
- अमेरिका-ईरान में युद्ध में आया खतरनाक मोड़, ट्रंप ने दिए जमीनी सैन्य अभियान के संकेत; तेज धमाकों से दहला तेहरान