नीतीश कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, विवादित मंत्री चंद्रशेखर पर गिरी गाज; जानें RJD कोटे के किन मंत्रियों का बदला विभाग?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट में फेरबदल किया है. मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल के मुताबिक बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को विभाग हटा दिया गया है और यह विभाग आलोक कुमार मेहता को सौंप दिया गया है.
नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट में फेरबदल किया है. मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल के मुताबिक बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को विभाग हटा दिया गया है और यह विभाग आलोक कुमार मेहता को सौंप दिया गया है. आलोक मेहता जो पहले गन्ना उद्योग, राजस्व और भूमि संसाधन पोर्टफोलियो के मंत्री थे उन्हें राज्य के नए शिक्षा मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है.
जानें किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग?
आलोक कुमार मेहता का विभाग राजस्व और भूमि संसाधन विभाग ललित कुमार यादव को सौंपा गया है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग की अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ इन विभागों की भी जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं सुर्खियों में रहने वाले चंद्रशेखर को अब गन्ना उद्योग विकास दिया गया है.
जानें शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के विभाग बदले जाने की वजह?
दरअसल चंद्रशेखर अपनी कार्यशैली और बयानबाजी के कारण लगातार सवालों के घेरे में रहे. उनकी अपर मुख्य सचिव केके पाठक के साथ जम नहीं पा रही थी और इसके चलते अफसर लंबी छुट्टी पर चले गए थे. सीएम नीतीश कुमार के हस्तक्षेप के बाद केके पाठक ने अपनी छुट्टी को स्थगित करके अपना कार्यभार संभाला. बिहार के राज्यपाल के आदेश के बाद राज्य सचिवालय ने मुख्यमंत्री के परामर्श से यह आदेश जारी किया है.
चंद्रशेखर ने पिछले साल जनवरी में पहले रामचरित मानस को लेकर विवादित बयान दिया था और उसकी कुछ चौपाइयों का हवाला देते हुए इसे नफरत फैलाने वाला ग्रंथ बताया था. इसके बाद सितंबर में चंद्रशेखर ने एक बार फिर से रामचरित मानस को लेकर विवादित टिप्पणी की और उसकी तुलना पोटेशियम साइनाइड से करती थी.