Ram Mandir QR code scam to devotees Vishva Hindu Parishad: राम मंदिर के उद्घाटन से कुछ दिन पहले मंदिर निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम भक्तों से मंदिर निर्माण के लिए दान (चंदा) इकट्ठा करने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है. मामले की जानकारी के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. VHP प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस संंबंध में जानकारी दी.
विनोद बंसल ने एक्स पर लिखा कि 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या, उत्तर प्रदेश' के नाम से फर्जी सोशल मीडिया पेज बनाया गया है. फर्जी पेज के जरिए सोशल मीडिया यूजर्स और राम भक्तों से मंदिर निर्माण के नाम पर चंदा (दान) देने की मांग की है. दान के लिए फर्जी पेज पर क्यूआर कोड की तस्वीर भी दी गई है. बंसल ने कहा कि उन्होंने इस मामले के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पुलिस प्रमुखों से शिकायत की है.
सावधान..!!
— विनोद बंसल Vinod Bansal (@vinod_bansal) December 31, 2023
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम से फर्जी आईडी बना कर कुछ लोग पैसा ठगी का प्रयास कर रहे हैं। @HMOIndia @CPDelhi @dgpup @Uppolice को ऐसे लोगों के विरूद्ध विलम्ब कार्यवाही करनी चहिए। @ShriRamTeerth has not authorised any body to collect funds for this occasion. pic.twitter.com/YHhgTBXEKi
बताया जा रहा है कि अयोध्या के एक VHP मेंबर ने कथित जालसाज से फोन पर बातचीत भी की. राम मंदिर के नाम पर चंदा मांगने वाले जालसाज ने कहा कि मैं अयोध्या से बोल रहा हूं. उसने ये भी कहा कि जितना हो सके योगदान करें. आपका नाम और नंबर डायरी में नोट किया जाएगा. जब मंदिर निर्माण पूरा हो जाएगा, तो आप सभी को अयोध्या में आमंत्रित किया जाएगा. जालसाज ने कहा कि आप जानते हैं कि मुस्लिम समुदाय और हिंदू समुदाय के बीच संघर्ष चल रहा है. मुस्लिम समुदाय भगवान राम के मंदिर का निर्माण नहीं होने दे रहा है, इसलिए वे मंदिर के लिए धन जुटा रहे हैं.
बंसल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें हाल ही में राम मंदिर के नाम पर लोगों को ठगने की कोशिशों के बारे में जानकारी मिली है. कहा गया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने किसी को भी धन इकट्ठा करने के लिए अधिकृत नहीं किया है. इस संबंध में गृह मंत्रालय, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और दिल्ली के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि लोग इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार न हों. लोगों को दान देने की जरूरत नहीं है, उन्हें सावधान रहने की जरूरत है. बंसल ने वीडियो में कहा कि ये खुशी का अवसर है, हम निमंत्रण भेज रहे हैं, लेकिन हम कोई दान स्वीकार नहीं करेंगे.