Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होना है. इस उदघाटन समारोह में पीएम मोदी, मोहन भागवत, यूपी के मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी मुख्य तौर से इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इस बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में नहीं पहुंचने के लिए अपील की है.
दरअसल, चंपत राय ने प्रेस वार्ता में कहा है कि स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों के चलते मुरली मनोहर जोशी और लाल कृष्ण आडवाणी इस उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे. उन्होंने कहा कि दोनों बुजुर्ग हैं इसलिए उनसे उद्घाटन समारोह में नहीं शामिल होने के लिए अनुरोध किया गया है और इस अनुरोध को दोनों ने स्वीकार भी कर लिया है.
चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में आडवाणीजी का होना अनिवार्य है, लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए हम कहेंगे कि वे कृपया ना आएं. इसके बाद उन्होंने कहा कि मुरली मनोहर जोशी से मेरी स्वयं बात हुई है. मैं उनसे फोन पर यही कहता रहा कि आप मत आइए और वो जिद करते रहे कि मैं आऊंगा. मैं बार-बार निवेदन करता रहा कि गुरुजी मत आइये. आपकी उम्र और सर्दी ज्यादा आपने अभी घुटने भी बदलवाए हैं.'
अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है. इस कार्यक्रम में 121 वैदिक ब्राह्मण हिस्सा लेंगे. काशी से 50 ब्राह्मणों का एक विशाल समूह भी इस दौरान अयोध्या में निवास करेगा. इस कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी का राज्याभिषेक कराने वाले गागाभट्ट के वंशज भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री मोदी, सीएम योगी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.