'किसानों के ट्रैक्टर....', टिकैत ने किया CJP प्रोटेस्ट को समर्थन देने का ऐलान, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर जुटान
राकेश टिकैत और भारतीय किसान यूनियन ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को समर्थन दिया है.
भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित CJP के विरोध प्रदर्शन को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है.
बीकेयू की दिल्ली पुलिस को सीधी चेतावनी
बीकेयू (यूपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए समर्थकों से दलबल के साथ दिल्ली पहुंचने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली पुलिस टकराव से बचे, क्योंकि किसानों के ट्रैक्टर बैरिकेड्स तोड़ने के लिए तैयार हैं. इसके साथ ही उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई.
अनुज सिंह का जनता से प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान
एक वीडियो संदेश जारी करते हुए अनुज सिंह ने कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को जो एक वोट का अधिकार दिया है, उसे छीना जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए सरकार नागरिकों के मताधिकार पर अंकुश लगा रही है.
Also Read
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा
अनुज सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश से लोकतंत्र को समाप्त कर तानाशाही और इंस्पेक्टर राज स्थापित करना चाहती है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नागरिक जागरूक नहीं हुए, तो आने वाले समय में न तो वोट देने का अधिकार बचेगा और न ही विरोध प्रदर्शन करने का.
CJP ने जताया बीकेयू का आभार
अनुज सिंह ने स्पष्ट किया कि यह केवल CJP का राजनीतिक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक के अधिकारों की लड़ाई है. दूसरी ओर, CJP ने 10 अक्टूबर के आंदोलन को समर्थन देने के लिए राकेश टिकैत और भारतीय किसान यूनियन का धन्यवाद व्यक्त किया है.