T20 World Cup 2026

Rajnath Singh Morocco Visit: 'ऑपरेशन सिंदूर का दूसरा तीसरा चरण...,' मोरक्को में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी चेतावनी

Rajnath Singh Morocco Visit: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोरक्को में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का दूसरा और तीसरा चरण शुरू हो सकता है, यह पाकिस्तान के आतंकवाद को समर्थन देने या न देने पर निर्भर करेगा. उन्होंने बताया कि भारत ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई धर्म नहीं बल्कि कर्म के आधार पर की और नागरिक या सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया.

@ Rajnath Singh X account
Km Jaya

Rajnath Singh Morocco Visit: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी मोरक्को यात्रा के दौरान सोमवार को मोरक्को की राजधानी रबात में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का दूसरा और तीसरा चरण शुरू हो सकता है. उन्होंने साफ किया कि यह पाकिस्तान के रवैये पर निर्भर करेगा. अगर पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना जारी रखता है तो भारत की ओर से कड़ा जवाब दिया जाएगा. 

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को दोहराया कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ रुका है, समाप्त नहीं हुआ. उन्होंने कहा, 'क्या दूसरा चरण करना है या तीसरा, यह हम नहीं कह सकते. यह पाकिस्तान के व्यवहार पर निर्भर करेगा. अगर वे आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होंगे तो उन्हें जवाब मिलेगा.

पहलगाम हमले के बाद लिया गया निर्णय

रक्षा मंत्री ने याद किया कि 7 मई को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी. इस घटना के बाद 23 अप्रैल को हुई उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने सीडीएस, तीनों सेनाध्यक्ष और रक्षा सचिव से पूछा कि अगर सरकार निर्णय ले तो क्या सेना ऑपरेशन के लिए तैयार है. जवाब तत्काल मिला कि सेना पूरी तरह तैयार है. इसके बाद योजना प्रधानमंत्री मोदी के सामने रखी गई और उन्होंने सेना को पूरी छूट दी.

धर्म नहीं, कर्म के आधार पर कार्रवाई

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की कार्रवाई धर्म देखकर नहीं बल्कि कर्म देखकर हुई. आतंकियों ने धर्म पूछकर नागरिकों की हत्या की, लेकिन भारत ने केवल उन लोगों को निशाना बनाया जो हमलों के जिम्मेदार थे. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किसी भी नागरिक या सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया. यह भारत की विशेषता है कि हमने केवल आतंकियों को खत्म किया. अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत में हर धर्म को मानने की स्वतंत्रता है. यहां किसी धर्म या समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता. यही भारत का असली चरित्र है.

ऐतिहासिक दौरा

राजनाथ सिंह रविवार को दो दिवसीय दौरे पर मोरक्को पहुंचे. वे मोरक्को का दौरा करने वाले पहले भारतीय रक्षा मंत्री बने. कैसाब्लांका मोहम्मद वी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मोरक्को की सैन्य कमान के प्रमुख वली और भारतीय राजदूत संजय राणा ने किया. भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.