menu-icon
India Daily

जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर, राजौरी में बाढ़ के पानी में बह गईं गाड़ियां; वैष्णो देवी यात्रा पर भी रोक

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. राजौरी जिले में धरहाल नदी उफान पर पहुंच गई, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर, राजौरी में बाढ़ के पानी में बह गईं गाड़ियां; वैष्णो देवी यात्रा पर भी रोक
Courtesy: ANI

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचानी शुरू कर दी है. राजौरी जिले में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण धरहाल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे आसपास के निचले इलाकों में पानी भर गया. 

प्रशासन के अनुसार लगातार बारिश के चलते स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. बारिश के सबसे अधिक असर वाले इलाकों में राजौरी का बस स्टैंड पार्किंग क्षेत्र भी शामिल है. यहां तेज बहाव के साथ पानी घुसने से बड़ी संख्या में वाहन बह गए.

लोगों ने बताया मौसम का हाल

स्थानीय लोगों का दावा है कि पार्किंग में पहले करीब 300 से 400 गाड़ियां खड़ी थीं, लेकिन बाढ़ के बाद वहां केवल 40 से 50 वाहन ही दिखाई दे रहे हैं. उनका कहना है कि रात भर में हालात तेजी से बिगड़ गए. लोगों ने प्रशासन से जेसीबी और क्रेन उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि बची हुई गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें. राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य होने तक सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा.

खराब मौसम के चलते वैष्णो देवी यात्रा स्थगित

प्रदेश में लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है. कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों में लगातार तेज बारिश और खराब मौसम के कारण यह फैसला लिया गया. मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार होते ही यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है. इसी कारण अमरनाथ यात्रा पर भी असर पड़ा है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.