‘मेरी चुप्पी की ये है असली वजह…’ ! NEET पेपर लीक मामले पर राघव चड्ढा ने तोड़ी चुप्पी
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आखिरकार NEET पेपर लीक मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी और साफ किया कि वह इतने समय तक इस मुद्दे पर खुलकर क्यों नहीं बोले.
नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आखिरकार NEET पेपर लीक मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी और साफ किया कि वह इतने समय तक इस मुद्दे पर खुलकर क्यों नहीं बोले. संसद में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों का समाधान सिर्फ टीवी डिबेट या मीडिया में बयान देने से नहीं होता, बल्कि सिस्टम को मजबूत करने से होता है. उनका कहना था कि पहले जब वह विपक्ष में थे, तब उनका काम सवाल उठाना था, लेकिन अब सरकार की तरफ आने के बाद उनकी जिम्मेदारी बदल गई है.
चड्ढा ने अपने भाषण में बताया कि पहले वह जनता की समस्याओं को जोर-शोर से उठाते थे और सरकार से जवाब मांगते थे. लेकिन अब जब उनकी भूमिका बदल चुकी है, तो उनका फोकस सवाल पूछने से ज्यादा समाधान देने पर है. उन्होंने कहा कि अब उनका उद्देश्य सिर्फ सुर्खियों में आना नहीं, बल्कि ऐसा स्थायी समाधान निकालना है जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
Also Read
चड्ढा ने बताया किस तरह बनाया जाएगा NEET परीक्षा को सुरक्षित:
चड्ढा ने कहा कि आने वाले समय में NEET परीक्षा को और सुरक्षित बनाने के लिए इसे कंप्यूटर आधारित किया जाएगा. इससे पेपर लीक की संभावना काफी कम हो जाएगी और परीक्षा प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी. अपने भाषण में उन्होंने यह भी साफ किया कि पेपर लीक कोई एक राज्य या एक पार्टी की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे देश में फैली एक पुरानी बीमारी है. इसलिए इसे राजनीति से ऊपर उठकर देखना चाहिए.
उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों में भी इसी तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिससे यह साबित होता है कि यह एक सिस्टम की समस्या है, न कि किसी एक सरकार की. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कि इस समस्या के समाधान के लिए मिलकर काम करें और एंटी पेपर लीक कानून का समर्थन करें, ताकि छात्रों का भरोसा वापस आ सके और उनकी मेहनत सुरक्षित रह सके.