13 हजार फीट की ऊंचाई पर लहराया 'जय श्री राम' का ध्वज, प्रयागराज की लड़की का अनोखा कारनामा

प्रयागराज की 22 साल की लड़की ने बताया कि मैं भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण में सहयोग नहीं कर पाई, इसलिए अपने हुनर के जरिए मैंने भगवान श्रीराम के जयकारे वाले झंडे के साथ छलांग लगाई. 

Om Pratap

prayagraj girl Anamika Sharma Bangkok skydiving: अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर हैं. मंदिर के उद्घाटन से पहले एक खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. खबर प्रयागराज के 22 साल की अनामिका शर्मा के बारे में है. दरअसल, अनामिका ने बैंकॉक में 13 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर आसमान में 'जय श्रीराम' वाला झंडा लहराया है. 

अनामिका पहले भी स्काईडाइविंग करती रहीं हैं. लेकिन इस बार अनामिका की स्काईडाइविंग ने लोगों का ध्यान खींचा है. अनामिका के पिता अजय कुमार शर्मा इंडियन आर्मी से रिटायर्ड हैं. उनके पिता भी स्काईडाइविंग करते रहे हैं. पिता के इस कारनामे को देख अनामिका ने भी छोटी उम्र से स्काईडाइविंग शुरू कर दी थी. अनामिका की इस अनोखी उपलब्धि पर उनकी मां प्रियंका शर्मा काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम के झंडे के साथ बेटी ने 13 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर सबको हैरान कर दिया है. ये सब भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से ही हुआ है.

अनामिका ने खुद को बताया रामभक्त

भगवान राम के जयकारे वाले ध्वज को लेकर 13 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने वाली अनामिका खुद को भगवान श्रीराम का भक्त बताती हैं. उन्होंने कहा कि मैं भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण में सहयोग नहीं कर पाई, इसलिए अपने हुनर के जरिए मैंने भगवान श्रीराम के जयकारे वाले झंडे के साथ छलांग लगाई. 

बता दें कि अनामिका शर्मा प्रोफेशनल स्काईडाइवर हैं. वे देश की सबसे कम उम्र की प्रोफेशनल स्काईडाइवर हैं. यूनाइडेट स्टेट पैराशूट ओसोसियेशन (USPA) से अनामिका को C कैटेगरी का लाइसेंस मिला हुआ है. जानकारी के मुताबिक, अनामिका 10 साल की उम्र से स्काईडाइविंग कर रही हैं. अनामिका ने सबसे पहले 10 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई थी. अनामिका अब तक 40 बार से अधिक बार आसमान से पैराशूट के सहारे छलांग लगा चुकी हैं.