'LPG सिलेंडर नहीं PNG पर शिफ्ट हों, 7 दिन में मिलेगा कनेक्शन', सरकार ने देश की जनता से की अपील
विदेश मंत्रालय के असीम महाजन ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में 1.25 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं. सरकार ने आदेश दिया है कि पीएनजी के लिए आने वाले किसी भी आवेदन को एक हफ्ते के भीतर मंजूरी देकर कनेक्शन प्रदान किया जाए.
सरकार ने ईंधन संकट के बीच साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं पर चेतावनी जारी की है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने दावा किया है कि अब पीएनजी कनेक्शन केवल सात दिन के भीतर दिया जाएगा. वहीं, विदेश मंत्रालय ने कुवैत से भारतीयों की वापसी के लिए विशेष उड़ानों की घोषणा की है. साथ ही अधिकारियों ने कहा कि लोग गैस की किल्लत को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें.
गैस बिल के नाम पर हो रही साइबर ठगी से रहें सावधान
देश में जारी ईंधन संकट के बीच साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपना लिया है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सी. सेंथिल राजन ने बताया कि लोगों के मोबाइल पर गैस बिल एपीके फाइल के नाम से फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं. इन लिंक पर क्लिक करते ही बैंक खाते से पैसे निकल जाते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कभी भी मोबाइल लिंक के जरिए बैंक डिटेल नहीं मांगती. अगर ऐसा कोई मैसेज आए तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं.
पेट्रोल पंपों पर नहीं होने दी जाएगी किल्लत
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने साफ किया कि देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म नहीं होने दिया जाएगा. सरकार लगातार निगरानी कर रही है ताकि सप्लाई चेन बाधित न हो. शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश के. सिन्हा और विदेश मंत्रालय के रणधीर जायसवाल भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयात में हो रही दिक्कतों को सुलझाने में जुटे हैं. उनका कहना है कि विदेशों से कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
पीएनजी कनेक्शन को मिल रहा बढ़ावा, 7 दिन में मिलेगा कनेक्शन
सरकार अब एलपीजी के बजाय पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है. विदेश मंत्रालय के असीम महाजन ने बताया कि व्यावसायिक उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द पीएनजी पर शिफ्ट हों. उन्होंने कहा कि पिछले एक हफ्ते में 1.25 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं. सरकार ने आदेश दिया है कि पीएनजी के लिए आने वाले किसी भी आवेदन को एक हफ्ते के भीतर मंजूरी देकर कनेक्शन प्रदान किया जाए.
विदेशों में फंसे भारतीयों को राहत, कुवैत से आ रही उड़ानें
विदेश मंत्रालय के असीम आर. महाजन ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक करीब 28 लाख भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं. कुवैत का हवाई रास्ता बंद होने से वहां फंसे लोगों को परेशानी हुई थी, लेकिन अब जजीरा एयरवेज ने सऊदी अरब के रास्ते विशेष उड़ानें शुरू कर दी हैं. कल कोच्चि के लिए पहली स्पेशल फ्लाइट रवाना होगी. सरकार का पूरा जोर ईंधन की कमी न होने देने और साइबर ठगों से जनता को बचाने पर है.