PM मोदी का दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरा, पीएस किसान की 23वीं किस्त करेंगे जारी; कई विकास परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 और 21 जून को पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे पर रहेंगे. यह चुनाव के बाद उनका पहला बंगाल दौरा है. इस दौरान वे कई बड़ी विकास योजनाओं की शुरुआत करेंगे और किसानों को बड़ी खुशखबरी देंगे.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 और 21 जून को पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे पर रहेंगे. यह चुनाव के बाद उनका पहला बंगाल दौरा है. इस दौरान वे कई बड़ी विकास योजनाओं की शुरुआत करेंगे और किसानों को बड़ी खुशखबरी देंगे. 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस मनाया जाएगा. प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्वर में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां से वे कई विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
किसानों को मिलेगी PM-Kisan की 23वीं किस्त:
सबसे बड़ी खबर यह है कि प्रधानमंत्री मोदी तारकेश्वर से पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इस किस्त की राशि 18,880 करोड़ रुपये है, जो देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के खाते में जाएगी. पश्चिम बंगाल में अकेले 45 लाख से ज्यादा किसानों को 900 करोड़ रुपये से अधिक राशि मिलेगी. अब तक राज्य में इस योजना के तहत कुल 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि बांटी जा चुकी है. इस मौके पर कृषि से जुड़ी कई नई योजनाएं भी शुरू की जाएंगी.
Also Read
रेलवे और सड़क परियोजनाएं:
प्रधानमंत्री हावड़ा जिले में संकराइल-संतरागाछी लिंक लाइन समेत करीब 590 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी 49 सड़कों का उद्घाटन करेंगे. इनसे गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस:
21 जून को प्रधानमंत्री कोलकाता के रेड रोड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे. पश्चिम बंगाल पहली बार इस बड़े कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है. यहां बड़ी संख्या में लोग योगासन करेंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर तीन स्वदेशी नौसैनिक जहाजों को कमीशन (शामिल) करेंगे.