Bigg Boss 20

भारत की मेहमाननवाजी से खुश हुए बालेन शाह, पीएम मोदी ने नेपाल के लिए किया 24 हजार करोड़ के पैकेज का ऐलान

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपनी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक में रेल कनेक्टिविटी, व्यापार, निवेश, रोजगार और विकास पर चर्चा हुई.

@MofaNepal X Account
Km Jaya

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों ने आपसी संबंधों को मजबूत बनाने, रेल कनेक्टिविटी, निवेश, रोजगार और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज की घोषणा की.

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है. सोमवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस बैठक में दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई. इस दौरान अयोध्या से जनकपुर के बीच रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसियों का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है. दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां एक जैसी हैं. इसलिए भारत और नेपाल को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में सहभागी रहा है.


पीएम मोदी ने बालेन शाह के नेतृत्व और नेपाल की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह देश के युवाओं की उम्मीदों को दर्शाता है. भारत दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है.

नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की मदद

इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की. उन्होंने नेपाल में अगस्त में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की. इस पैकेज का उद्देश्य नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को मजबूती देना है.

किसानों और युवाओं के लिए नए अवसरों पर जोर

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के साथ हुए समझौतों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि इन समझौतों और परियोजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचना चाहिए. किसानों को उनके खेतों में खुशहाली मिले और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हों. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत में आर्थिक, सामाजिक और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है.

बालेन शाह ने यह भी कहा कि भारत और नेपाल को अपने पुराने रिश्तों की मजबूत नींव पर भविष्य के लिए नए स्तंभ खड़े करने होंगे. हिमालय से निकलने वाला पानी और गंगा में मिलने वाली नदियां दोनों देशों के साझा भविष्य की याद दिलाती हैं. जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भी दोनों देशों को मिलकर प्रयास करना होगा.

IIT और सीधी हवाई सेवाओं को बढ़ाने की मांग

नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारत के निवेशकों का स्वागत करते हुए नेपाल में IIT स्थापित करने और दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया. उन्होंने इच्छा जताई कि भारत के छात्र नेपाल में स्थापित होने वाले IIT में पढ़ाई करने आएं. साथ ही भारत और नेपाल के प्रमुख शहरों के बीच सीधी उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि दोनों देशों के नागरिकों को यात्रा में आसानी हो.

हिमालय जितना ऊंचा हो दोनों देशों का विश्वास

बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को नेपाल आने का न्योता भी दिया. उन्होंने नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का जिक्र करते हुए मुक्तिनाथ धाम, पशुपतिनाथ मंदिर, जनकपुर और लुंबिनी का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल भगवान राम और माता सीता के समय से ही ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों से जुड़े हैं.

अपनी बात समाप्त करते हुए बालेन शाह ने कहा कि उनकी कामना है कि भारत और नेपाल की मित्रता ऐसी हो, जिसमें आपसी विश्वास हिमालय जितना ऊंचा हो, सहयोग नदियों की तरह लगातार बहता रहे और दोनों देशों की समृद्धि साझा आसमान के नीचे आगे बढ़ती रहे.