menu-icon
India Daily

'दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा', NDA की संसदीय बैठक में NEET पेपर लीक पर PM मोदी का बयान

NDA संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET पेपर लीक मामले को घोर पाप बताते हुए कहा कि सरकार ने मामला सामने आते ही तुरंत कार्रवाई की. अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा', NDA की संसदीय बैठक में NEET पेपर लीक पर PM मोदी का बयान
Courtesy: ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA की संसदीय बैठक में NEET पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले के सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है. पीएम मोदी ने पेपर लीक को घोर पाप बताते हुए कहा कि इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पीएम मोदी ने कहा कि इस मामले में अभी 13 आरोपी  को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जिससे भविष्य में कोई भी सार्वजनिक परीक्षा की पवित्रता से खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके.

NEET की दोबारा सफल परीक्षा

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी पेपर लीक मामले पर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इसमें संलिप्त 13 अधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया है. उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए NEET की दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया और पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई. परिणाम भी तय समय पर घोषित किए गए. रिजिजू के अनुसार सरकार का उद्देश्य केवल दोषियों को सजा देना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना भी है.

क्या है नीट पेपर लीक विवाद?

NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर विवाद उस समय शुरू हुआ जब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 6 मई को प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की. इसके बाद कई छात्रों और कोचिंग संस्थानों ने दावा किया कि परीक्षा से पहले प्रसारित एक कथित अनुमानित प्रश्न पत्र वास्तविक प्रश्न पत्र से काफी हद तक मेल खाता था. जांच एजेंसियों के अनुसार परीक्षा से पहले हाथ से लिखा प्रश्न बैंक भी प्रसारित किया गया था.

राजस्थान और उत्तराखंड से मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंपी गई. राजस्थान पुलिस ने दावा किया कि 400 से अधिक प्रश्न पहले ही बाहर आ चुके थे, जिनमें से 135 प्रश्न अंतिम प्रश्न पत्र से मेल खाते थे. विवाद बढ़ने के बाद केंद्र सरकार ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित कराई. बाद में घोषित परिणामों में 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की.