पीएम मोदी ने बालेन शाह से की फोन पर बात, नेपाल चुनाव में प्रचंड जीत की दी बधाई
बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए हमेशा तैयार है. उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और नेपाल आने वाले समय में मिलकर दोनों देशों की तरक्की और लोगों की भलाई के लिए काम करेंगे.
नेपाल के आम चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेताओं से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बातचीत की. प्रधानमंत्री ने पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने और बालेन शाह को जीत की बधाई दी. सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में मोदी ने कहा कि उन्होंने दोनों नेताओं से गर्मजोशी के साथ बातचीत की और नेपाल में मिली चुनावी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं. यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब नेपाल में नई सरकार बनने की प्रक्रिया शुरू हो रही है.
नई सरकार के लिए दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने नेपाल में बनने वाली नई सरकार के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं. साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और नेपाल आने वाले समय में मिलकर दोनों देशों की तरक्की और लोगों की भलाई के लिए काम करेंगे. मोदी ने यह भी कहा कि भारत नेपाल के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए हमेशा तैयार है. उनका मानना है कि दोनों देशों के संयुक्त प्रयासों से द्विपक्षीय संबंध आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं.
युवा नेतृत्व की मानी जा रही जीत
नेपाल में हाल ही में हुए आम चुनाव के नतीजों को देश की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. 35 वर्षीय बालेन शाह, जो पहले एक रैपर के रूप में भी जाने जाते थे, अब राजनीति में तेजी से उभरते हुए नेता बन गए हैं. उनकी पार्टी RSP ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है. कई विश्लेषकों का कहना है कि यह परिणाम पारंपरिक और पुराने राजनीतिक दलों से जनता की नाराजगी को भी दर्शाता है.
जनता की नाराजगी का असर
नेपाल में पिछले कुछ समय से राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार और युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर असंतोष बढ़ रहा था. युवाओं के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के बाद सरकार को हटाना पड़ा और फिर नए चुनाव कराए गए. चुनाव परिणामों में जनता का यही गुस्सा दिखाई दिया, जिसके चलते नई पार्टी को मजबूत समर्थन मिला.
RSP ने भारत को लेकर भी संतुलित नीति की बात कही है. पार्टी का कहना है कि वह भारत और अन्य पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहती है, लेकिन किसी बाहरी दबाव से स्वतंत्र रहकर काम करेगी. बालेन शाह का भारत से व्यक्तिगत जुड़ाव भी बताया जाता है, क्योंकि उन्होंने कर्नाटक से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर्स की पढ़ाई की है.