T20 World Cup 2026

'उसी दिन पैदा हुआ जिस दिन...', इजरायल की संसद में बोले पीएम मोदी

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नेसेट में मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें इजराइल का करीबी मित्र और भारत-इजराइल साझेदारी का मजबूत समर्थक बताया.

@narendramodi
Sagar Bhardwaj

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजराइल की संसद नेसेट को संबोधित करते हुए भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत और भरोसेमंद बताया. उन्होंने अपने संबोधन में एक खास संयोग का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिस दिन भारत ने आधिकारिक रूप से इजराइल को मान्यता दी थी, उसी दिन 17 सितंबर 1950 को उनका जन्म हुआ था.

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इजराइल दोबारा आने की खुशी है और यह देश उन्हें हमेशा से आकर्षित करता रहा है. उन्होंने बताया कि वह पहले भी भारत के प्रधानमंत्री के रूप में इजराइल का दौरा कर चुके हैं और यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने वाला रहा है.

आतंकवाद पर भारत का स्पष्ट रुख

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के हमलों में मारे गए लोगों के प्रति भारत की संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि भारत इजराइल के दुख को समझता है और इस कठिन समय में उसके साथ खड़ा है.

उन्होंने आतंकवाद को मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का दर्द झेलता आया है. इस संदर्भ में उन्होंने 26/11 मुंबई हमलों का जिक्र किया, जिसमें कई निर्दोष लोग मारे गए थे, जिनमें इजराइली नागरिक भी शामिल थे.

आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस

मोदी ने कहा कि भारत की नीति आतंकवाद के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की है और इसमें कोई दोहरा मापदंड नहीं हो सकता. उनका कहना था कि आतंकवाद समाज को अस्थिर करता है, विकास रोकता है और लोगों के बीच भरोसा खत्म करता है. इसलिए इससे निपटने के लिए दुनिया को मिलकर लगातार प्रयास करना होगा.

नेतन्याहू ने किया स्वागत

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नेसेट में मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें इजराइल का करीबी मित्र और भारत-इजराइल साझेदारी का मजबूत समर्थक बताया. उन्होंने कहा कि मोदी वैश्विक मंच पर प्रभावशाली नेता हैं और दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

पीएम मोदी ने बच्चों से की मुलाकात

इजराइल संसद पहुंचने पर पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बच्चों के एक समूह से मुलाकात की. बच्चे भारत और इजराइल के झंडे लहरा रहे थे. मोदी ने उनसे बातचीत की और कई बच्चों ने उनके साथ तस्वीरें भी लीं. इस दौरान पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि भी अर्पित की और हमलों में जान गंवाने वालों को याद किया.