पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, किसानों के खातों में पहुंचे 18,880 करोड़ रुपए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी है. 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं. किसान ऑनलाइन अपनी भुगतान स्थिति भी जांच सकते हैं.
देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की. इस अवसर पर 9.44 करोड़ लाभार्थी किसानों के खातों में कुल 18,880 करोड़ रुपए की राशि सीधे भेजी गई. सरकार का कहना है कि यह योजना किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है. किस्त जारी होने के बाद किसान अपने भुगतान की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकते हैं.
हर साल मिलते हैं 6000 रुपए
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि एक साथ नहीं बल्कि तीन बराबर किस्तों में प्रदान की जाती है. प्रत्येक चार महीने के अंतराल पर किसानों के खातों में 2,000 रुपए की रकम भेजी जाती है. इस सहायता का उपयोग किसान खाद, बीज, कीटनाशक और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने में कर सकते हैं. योजना का उद्देश्य खेती की लागत कम करने और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.
Also Read
ऐसे करें चेक
किसान यह जान सकते हैं कि उनके खाते में 23वीं किस्त की राशि पहुंची है या नहीं. इसके लिए उन्हें पीएम किसान पोर्टल पर जाकर 'फार्मर्स कॉर्नर' में उपलब्ध 'बेनिफिशियरी स्टेटस' विकल्प पर क्लिक करना होगा. इसके बाद मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके जानकारी प्राप्त की जा सकती है. 'गेट डाटा' पर क्लिक करते ही लाभार्थी अपनी किस्त की स्थिति देख सकते हैं. यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और आसान है.
ई-केवाईसी नहीं होने पर रुक सकती है किस्त
सरकार ने योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी को अनिवार्य बनाया है. यदि बेनिफिशियरी स्टेटस में ई-केवाईसी के सामने 'NO' लिखा दिखाई देता है तो किस्त जारी होने में दिक्कत आ सकती है. ऐसे किसानों को जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करानी चाहिए. इससे भविष्य में आने वाली किस्तों में किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी और लाभ सीधे खाते में मिलता रहेगा.
पैसा नहीं आए तो कहां करें संपर्क
यदि कोई किसान योजना में पंजीकृत होने के बावजूद किस्त प्राप्त नहीं कर पाया है, तो वह सहायता के लिए संबंधित माध्यमों से संपर्क कर सकता है. किसान ईमेल के जरिए अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं. इसके अलावा योजना के हेल्पलाइन नंबर 155261 और 1800115526 पर भी संपर्क किया जा सकता है. सरकार का कहना है कि किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सहायता व्यवस्था लगातार सक्रिय रखी गई है, ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े.