menu-icon
India Daily

12 घंटे में 10 लाख नए फॉलोअर्स! PM मोदी का Video बना सोशल मीडिया पर सुपरहिट

पेपर लीक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश को इंस्टाग्राम पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. 24 घंटे के भीतर वीडियो को करीब 280 मिलियन व्यूज मिले, जबकि केवल 12 घंटे में उनके 10 लाख नए फॉलोअर्स जुड़ गए.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
12 घंटे में 10 लाख नए फॉलोअर्स! PM मोदी का Video बना सोशल मीडिया पर सुपरहिट
Courtesy: social media

पेपर लीक के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. युवाओं को संबोधित करते हुए जारी किए गए इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और साझा किया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री के इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई.

वीडियो को मिला रिकॉर्ड स्तर का रिस्पॉन्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो जारी कर पेपर लीक मामले पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा से जुड़ा मामला नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है. वीडियो अपलोड होने के बाद महज 24 घंटे के भीतर इसे लगभग 280 मिलियन व्यूज मिले. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से ट्रेंड करने लगा और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे साझा किया.

12 घंटे में जुड़े 10 लाख नए फॉलोअर्स

वीडियो के वायरल होने का असर प्रधानमंत्री के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साफ दिखाई दिया. रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो पोस्ट किए जाने के समय उनके करीब 101 मिलियन फॉलोअर्स थे. अगले 12 घंटे के भीतर यह संख्या बढ़कर 102 मिलियन पहुंच गई. यानी केवल आधे दिन में करीब 10 लाख नए लोग उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ गए. इसे हाल के समय में किसी बड़े राजनीतिक सोशल मीडिया अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है.

मंत्रियों को भी दिया सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का संदेश

प्रधानमंत्री ने अपने कैबिनेट सहयोगियों को भी युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर रील्स, वीडियो और इंटरैक्टिव सेशन के माध्यम से युवाओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखना जरूरी है. उनके अनुसार, बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और सरकार को भी इसी माध्यम से उनसे सीधे जुड़ना चाहिए.

पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई का दोहराया भरोसा

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक के मामलों से निपटने के लिए सरकार तेजी से कदम उठा रही है. उन्होंने बताया कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था पर काम किया गया है और इस संबंध में कैबिनेट में चर्चा के बाद संसद में विधेयक लाने की तैयारी है. उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.