पीएम मोदी ने रचा इतिहास, X पर दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता बने

प्रधानमंत्री मोदी ने आज एक नया कीर्तिमान स्थापित कर लिया. ट्विटर (x) पर फॉलोअर्स की संख्या के मामले में मोदी ने दुनियाभर के तमाम नेताओं को काफी पीछे छोड़ दिया है. पीएम मोदी के आज ट्विटर पर 100 मिलियन फॉलोअर हो गए. गृह मंत्री अमित शाह समेत भारत के कई नेताओं ने पीएम मोदी की इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी है.

SOCIAL MEDIA
India Daily Live

PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को एक नया कीर्तिमान स्थापित किया. मोदी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले वैश्विक नेता बन गए हैं. पीएम मोदी के ट्विटर पर 100 मिलियन फॉलोअर्स हो गए हैं. फॉलोअर्स की संख्या के मामले में पीएम मोदी ने दुनिया के तमाम बड़े नेताओं को काफी पीछे छोड़ दिया है. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के ट्विटर पर 38.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं, दुबई शासक शेख मोहम्मद के 11.2 मिलियन और पोप फ्रांसिस के 18.5 मिलियन फॉलोअर्स है.

पीएम ने ट्वीट कर जताई खुशी
अपने फॉलोअर्स की संख्या 100 मिलियन होने पर पीएम मोदी ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'X पर 100 मिलियन. इस जीवंत माध्यम पर आकर और चर्चा, बहस, अंतर्दृष्टि, लोगों के आशीर्वाद, रचनात्मक आलोचना और बहुत कुछ को संजोकर खुश हूं. भविष्य में भी समान रूप से आपको समय देने की आशा करता हूं.'

ट्विटर पर पीएम मोदी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए दुनिया भर के नेता अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उनसे बातचीत करने को उत्सुक रहते हैं. इटली और ऑस्ट्रिया में पीएम मोदी के चाहने वालों की संख्या करोड़ों है.

खेल जगत, फिल्म जगत सबको छोड़ा पीछे
राजनेताओं में ही नहीं पीएम मोदी ने फॉलोअर्स की संख्या के मामले में फिल्म और खेल जगत की महान हस्तियों को भी काफी पीछे छोड़ दिया है.

पीएम मोदी के करीब पहुंचीं टेलर स्विफ्ट

पॉपुलर क्रिकेटर विराट कोहली के ट्विटर पर 64.1 मिलियन, ब्राजील के फुटबॉलर नेमार के 63.6 मिलियन, बॉस्केटबॉल खिलाड़ी लैब्रन जेम्स के 52.9 मिलियन फॉलोअर है. वहीं सिने स्टार टेलर स्विफ्ट के 95.3 मिलियन, लेडी गागा के 83.1 मिलियन, किम कर्दाशियन के 75.2 मिलियन फॉलोअर हैं.

बराक ओबामा और रोनाल्डो से पीछे पीएम मोदी

पिछले तीन सालों में पीएम मोदी के फॉलोअर्स की संख्या में करीब 30 मिलीयन की वृद्धि हुई है. यूट्यूब पर उनके चैनल के 25 मिलियन और इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके 91 मिलियन फॉलोअर हैं. पीएम मोदी ने 2009 में X को ज्वॉइन किया था. दुनिया के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 112.1 मिलियन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के ट्विटर पर 131.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं.