menu-icon
India Daily

Parliament Winter Session: शीतकालीन सत्र से पहले सरकार ने आज बुलाई सर्वदलीय बैठक, संसदीय कार्यमंत्री ने की ये अपील

चार दिसंबर से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र के एक दिन पहले चार राज्यों (राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना) विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे. इसलिए सर्वदलीय बैठक दो दिन पहले बुलाई गई है. 

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
Parliament Winter Session: शीतकालीन सत्र से पहले सरकार ने आज बुलाई सर्वदलीय बैठक, संसदीय कार्यमंत्री ने की ये अपील

हाइलाइट्स

  • 37 लंबित विधेयक, 12 विचार और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध
  • विपक्ष ने मानसून सत्र में किया था विधेयक का विरोध

Parliament Winter Session all-party meeting updates: संसद के शीतकालीन सत्र से पहले केंद्र सरकार ने आज सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है. संसद का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से 22 दिसंबर तक चलेगा. सर्वदलीय बैठक से पहले केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष से सत्र के दौरान सहयोग की अपील की है. 

सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य सीनियर नेताओं समेत विपक्ष के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. बता दें कि शीतकालीन सत्र के दौरान 15 बैठकें होंगी. सत्र के दौरान पुराने आपराधिक कानूनों को बदलने के लिए तीन विधेयकों समेत मसौदा कानूनों पर चर्चा की उम्मीद है. 

37 लंबित विधेयक, 12 विचार और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल संसद में 37 विधेयक लंबित हैं, जिनमें से 12 ऐसे विधेयक हैं, जो विचार और पारित किए जाने के लिए लिस्टेड हैं. वहीं, 7 विधेयक ऐसे हैं, जो परिचय, चर्चा और पारित करने के लिए लिस्टेड हैं. 

जानकारी के मुताबिक, इनके अलावा IPC (भारतीय दंड संहिता), CrPC (आपराधिक प्रक्रिया संहिता) और साक्ष्य अधिनियम को बदलने वाले तीन विधेयकों पर विचार की संभावना भी है. इनके अलावा, मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित विधेयक भी लंबित है.

विपक्ष ने मानसून सत्र में किया था विधेयक का विरोध

केंद्र सरकार ने चुनाव आयुक्तों और मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्तों से संबंधित विधेयक को संसद के मानसून सत्र में पेश किया था. विधेयक को पेश किए जाने के बाद विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध किया था. इसके बाद इसे संसद से पारित कराने पर केंद्र सरकार ने ज्यादा जोर नहीं दिया. 

बता दें कि अक्सर संसद सत्र के एक दिन पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जाती है, लेकिन इस बार सर्वदलीय बैठक दो दिन पहले बुलाई गई है. दरअसल, चार दिसंबर से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र के एक दिन पहले चार राज्यों (राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना) विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे. इसलिए सर्वदलीय बैठक दो दिन पहले बुलाई गई है.