menu-icon
India Daily

राजस्थान में निर्दलीय-बागियों के सहारे भाजपा-कांग्रेस! कांटे के मुकाबले में कौन बनाएगा सरकार?

भाजपा और कांग्रेस निर्दलीय और बागियों को रिजल्ट के पहले ही मनाकर अपने पाले में करना चाह रही हैं. दोनों ही पार्टियों के अहम नेताओं को अन्य में शामिल निर्दलीय और बागियों को साधने की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है.

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
राजस्थान में निर्दलीय-बागियों के सहारे भाजपा-कांग्रेस! कांटे के मुकाबले में कौन बनाएगा सरकार?

हाइलाइट्स

  • 2018 में भी अन्य ने सरकार बनाने में निभाई थी भूमिका
  • भाजपा के 30, कांग्रेस के 20 से ज्यादा बागियों ने लड़ा चुनाव

Rajasthan Exit Poll Independent rebels important role: राजस्थान विधानसभा चुनाव के बाद अब नतीजों की बारी है. नतीजों से पहले 30 नवंबर को एग्जिट पोल आए. राजस्थान के एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखी. वहीं, अन्य पार्टियों में शामिल निर्दलीय और बागियों को भी कुछ सीटें मिलने की संभावना जताई है. एग्जिट पोल के मुताबिक, राज्य में पांच से लेकर 19 सीट तक अन्य के खातों में जा सकते हैं. ऐसे में सरकार बनाने में इनका अहम रोल हो सकता है. कहा जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों पार्टियों ने अन्य को साधना शुरू कर दिया है.

कहा जा रहा है कि दोनों ही पार्टियां निर्दलीय और बागियों को रिजल्ट के पहले ही मनाकर अपने पाले में करना चाह रही हैं. दोनों ही पार्टियों के अहम नेताओं को अन्य में शामिल निर्दलीय और बागियों को साधने की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है. कितने निर्दलीय और बागी चुनाव जीतेंगे, ये तो 3 दिसंबर को ही पता चलेगा, जिस दिन राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे. फिलहाल, राजस्थान में सरकार बनाने में अन्य की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता.

कांग्रेस-भाजपा में से किसके कितने बागी उम्मीदवारों ने लड़े चुनाव?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी से बगावत करने वाले करीब 32 उम्मीदवारों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई है, जबकि कांग्रेस के करीब 22 बागी नेताओं ने चुनावी ताल ठोकी है. दरअसल, ये वो बागी हैं, जिनका पार्टी ने टिकट काट दिया और इनकी जगह किसी और को उम्मीदवार बना दिया. इन बागियों में से ही कुछ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरे. वहीं, कुछ निर्दलीय उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जो किसी पार्टी में न होते हुए, चुनावी मैदान में उतर गए. हालांकि ऐसे उम्मीदवारों की संख्या काफी कम हो सकती है.  

किस एग्जिट पोल में अन्य को कितनी सीटें?

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया: एग्जिट पोल में अन्य को 9 से 18 सीटें दी गईं हैं. इनके अलावा, कांग्रेस को 86-106, भाजपा को 80-100 सीटें मिलती दिख रही हैं.
पोलस्टार: एग्जिट पोल में अन्य को 5 से 15 जबकि, कांग्रेस 90 से 100 और भाजपा 100 से 110 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. 
मैट्रिज: एग्जिट पोल में अन्य के सबसे ज्यादा 12 से 19 सीटें मिलती दिखाई गईं हैं, जबकि कांग्रेस को 65 से 75 और भाजपा 115 से 130 मिलने का अनुमान जताया गया है. 
एबीपी-सी वोटर: एग्जिट पोल में अन्य को 9 से 19 सीटें दी गईं हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 71 से 91 और भाजपा को 94 से 114 सीटें दी गईं हैं.

2018 में भी अन्य ने सरकार बनाने में निभाई थी भूमिका

2018 में राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अन्य ने सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. पांच साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 100 सीटें, जबकि भआजपा ने 73 सीटों पर कब्जा किया था. दोनों पार्टियों के बीच सीटों में बड़ा अंतर रहा था. नतीजों के बाद 12 बागी और निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को अपना समर्थन दे दिया था, जिसके बाद अशोक गहलोत की मजबूत सरकार बनी.