Jammu and Kashmir Terrorist Attacks: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार को आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक अधिकारी समेत सेना के चार जवान शहीद हो गए. डोडा के जंगलों में पिछले तीन हफ्तों में सेना और आतंकियों के बीच यह तीसरी मुठभेड़ है. पिछले हफ्ते कठुआ जिले के सुदूर माचेडी वन क्षेत्र में आतंकवादियों द्वारा सेना के एक गश्ती दल पर घात लगाकर किए गए हमले में पांच सैनिक मारे गए थे.
जम्मू में अचानक बढ़े आतंकियों के हमले
जम्मू के सीमाई जिलों में इस साल अप्रैल के बाद से आतंकी हमलों में अचानक से तेजी आई है. अप्रैल के बाद हुए आतंकी हमलों में अब तक आर्मी के कैप्टन सहित 12 सुरक्षा बलों और 10 आम नागरिकों की मौत हुई है, जबकि 55 लोग घायल हुए हैं.
आतंकी हमलों पर गरमाई सियासत
इलाके में लगातार आतंकियों की गोली का शिकार हो रहे जवानों के मुद्दे पर अब देश की सियासत गरमा गई है. मंगलवार को विपक्ष ने इस मुद्दे पर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा.
हालांकि, सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि जम्मू और कश्मीर में किसी भी आतंकी घटना को माकूल जवाब दिया जाएगा और इसके लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं.
सुरक्षा नीति का सावधानीपूर्वक आकलन करने की जरूरत
सैनिकों के लगातार शहीद होने पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा नीत एनडीए पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा "पिछले 36 दिनों में जम्मू-कश्मीर में जिस तरह से आतंकी हमले हुए हैं, उसे देखते हुए हमें हमारी सुरक्षा नीति का सावधानीपूर्वक आकलन करने की जरूरत है."
झूठी वाहवाही लूटकर देख को खतरे में न डाले मोदी सरकार
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ऐसे जता रही है मानो जैसे कुछ हुई ही नहीं और सब कुछ सामान्य चल रहा है. उन्हें पता होना चाहिए कि जम्मू को तेजी से इन हमलों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. खड़गे ने कहा, 'हम झूठी वाहवाही लूटकर, झूठ फैलाकर और उच्च कोटि की लीपापोती कर देश की सुरक्षा को खतरे में नहीं डाल सकते.'
बीजेपी की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहे सैनिकों के परिवार
वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सैनिकों और उनके परिवारों को बीजेपी की गलत नीतियों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि लगातार आतंकी हमले जम्मू-कश्मीर की खराब स्थिति बयां कर रहे हैं. हर देशभक्त भारतीय की मांग है कि सरकार बार-बार हो रही सुरक्षा चूक की पूरी जिम्मेदारी ले और देश और सैनिकों को नुकसान पहुंचाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे. दुख की इस घड़ी में पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा है.