बैंक वालों ने मांगा मौत का सबूत, भाई ने 20 हजार रुपये निकालने के लिए कब्र खोदकर निकाला बहन का कंकाल
ओडिशा के क्योंझर में एक आदिवासी व्यक्ति अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया, क्योंकि बैंक अधिकारी बार-बार खाताधारक को लाने की बात कह रहे थे. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
क्योंझर: सोमवार को ओडिशा के क्योंझर जिले में रहने वाला एक आदिवासी आदमी अपनी मरी हुई बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा, ताकि उसके नाम पर जमा पैसे निकाल सके. इस आदमी की पहचान दियानाली गांव के 50 वर्षीय जीतू मुंडा के तौर पर हुई.
यह घटना क्योंझर जिले के पटना ब्लॉक में स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालीपोसी शाखा में हुई. जीतू अपनी बड़ी बहन कालरा मुंडा के बैंक खाते से 20,000 रुपये निकालना चाहता था. कालरा मुंडा की मौत दो महीने पहले बीमारी के कारण हो गई थी. उसने यह पैसा अपने मवेशियों को बेचकर कमाया था.
जीतू ने क्यों उठाया ऐसा कदम?
कोई और कानूनी वारिस न होने के कारण मुंडा कुछ दिन पहले पैसे निकालने के लिए बैंक गया था लेकिन बैंक अधिकारियों ने उससे पैसे निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र और दूसरे जरूरी दस्तावेज लाने को कहा, लेकिन मुंडा जरूरी दस्तावेज नहीं दे पाया, इसलिए उसने अपनी बहन की कब्र खोदकर उसके कंकाल को बाहर निकाल लिया.
जीतू मुंडा ने पत्रकारों से क्या कहा?
एक अनपढ़ आदमी जीतू मुंडा ने पत्रकारों से कहा, 'मैं कई बार बैंक गया और वहां के लोगों ने मुझसे कहा कि उसके नाम पर जमा पैसे निकालने के लिए खाताधारक को साथ लाओ. मैंने उन्हें बताया कि उसकी मौत हो चुकी है लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी और उसे बैंक लाने की जिद करते रहे. इसलिए हताश होकर मैंने कब्र खोदी और उसकी मौत के सबूत के तौर पर उसका कंकाल बाहर निकाल लिया.'
थाने के इंचार्ज ने क्या बताया?
पुलिस थाने के इंचार्ज जो जानकारी मिलने के बाद बैंक पहुंचे थे, उन्होंने कहा, 'जीतू एक अनपढ़ आदिवासी आदमी है. उसे नहीं पता कि कानूनी वारिस या नॉमिनी क्या होता है. बैंक अधिकारी उसे यह समझाने में नाकाम रहे कि किसी मरे हुए व्यक्ति के खाते से पैसे निकालने की प्रक्रिया क्या होती है.'
हालांकि इस घटना के बाद पुलिस ने जीतू मुंडा को भरोसा दिलाया कि वे उनकी मृत बहन के बैंक खाते से पैसे निकालने में उनकी मदद करेंगे. बाद में पुलिस की मौजूदगी में उस कंकाल को दोबारा कब्रिस्तान में दफना दिया गया. स्थानीय प्रशासन ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यह सुनिश्चित करें कि नियमों के अनुसार दावेदार जीतू मुंडा को जल्द से जल्द पैसे मिल जाएं.
और पढ़ें
- बिरयानी के बाद खाया तरबूज और रुक गईं सांसें, मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी
- बांस से दम पर महिला उद्यमी ने बदल दी अपनी किस्मत! PM मोदी ने 'मन की बात' में की तारीफ, पढ़ें चिमी की सक्सेस स्टोरी
- मोदी सरकार का बड़ा कदम, लद्दाख में 5 नए जिलों के गठन को LG की हरी झंडी; कुल जिलों की संख्या हुई 7