NRS अस्पताल में नाइट ड्यूटी कर रही नर्स का टॉयलेट में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज में नाइट ड्यूटी कर रही स्टाफ नर्स रूपाली बर्मन का शव अस्पताल के शौचालय से मिला. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला. मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

social media
Kuldeep Sharma

कोलकाता के नीलरतन सरकार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार रात एक स्टाफ नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. नर्स ड्यूटी के दौरान शौचालय गई थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और बंद दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया.

नाइट शिफ्ट के दौरान अचानक गायब हुईं नर्स

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गायनी विभाग में तैनात स्टाफ नर्स रूपाली बर्मन बुधवार रात करीब आठ बजे अस्पताल पहुंची थीं. उन्हें रात की शिफ्ट में ड्यूटी करनी थी. बताया गया कि रात करीब नौ से दस बजे के बीच वह अस्पताल के शौचालय गईं. काफी समय गुजरने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं तो सहकर्मियों को चिंता हुई. उन्होंने शौचालय के बाहर से आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. मौके पर पहुंची एंटाली थाना पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

पुलिस ने तोड़ा दरवाजा, अंदर मिला शव

सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और शौचालय के बंद दरवाजे के बाहर से कई बार आवाज लगाकर अंदर मौजूद व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की. जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ने का फैसला किया. अंदर पहुंचने पर नर्स का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों और मरीजों के बीच काफी चर्चा रही. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है.


फोरेंसिक टीम जुटाएगी अहम सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. टीम शौचालय और आसपास के हिस्से की जांच कर संभावित साक्ष्य जुटाएगी. पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि नर्स की गतिविधियों और घटनाक्रम की कड़ी जोड़ी जा सके.

इसके अलावा उस समय अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी जानकारी ली जा रही है. कोलकाता पुलिस के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर क्राइम कुणाल अग्रवाल के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 10:30 बजे मिली थी. उन्होंने बताया कि डीडी होमिसाइड विभाग ने जांच अपने हाथ में ले ली है और अब तक आत्महत्या से जुड़ा कोई सबूत सामने नहीं आया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों जांचों से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि नर्स की मृत्यु किस कारण और किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस नर्स की ड्यूटी के दौरान हुई गतिविधियों, अस्पताल परिसर में उनकी आवाजाही और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही हैं. मामले में जुटाए जा रहे साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही अगली कार्रवाई तय की जाएगी.