menu-icon
India Daily

'कमलनाथ का राज्य नहीं... मुझसे राजनीतिक दुश्मनी निकालो लेकिन....', CM शिवराज का बड़ा जुबानी हमला

MP assembly election 2023: सीएम चौहान ने कन्या भोज को "नाटक" बताने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा.

Avinash Kumar Singh
'कमलनाथ का राज्य नहीं... मुझसे राजनीतिक दुश्मनी निकालो लेकिन....', CM शिवराज का बड़ा जुबानी हमला

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बेटियों और माताओं के अपमान का आरोप लगाया है. सीएम चौहान ने कन्या भोज को "नाटक" बताने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा.

'कांग्रेस को पता नहीं बेटियों और माताओं का सम्मान कैसे करें....'

सीएम चौहान ने इंदौर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा "हम हर राजनीतिक कार्यक्रम में अपनी बेटियों की पूजा और कन्या भोज करते हैं लेकिन कांग्रेस को यह पसंद नहीं है. जब मैंने कन्या भोज का आयोजन किया तो दिग्विजय सिंह ने कहा कि सीएम नाटक कर रहे हैं. कांग्रेस को पता नहीं है बेटियों और माताओं का सम्मान कैसे करें..''

'मुझसे राजनीतिक दुश्मनी निकालो लेकिन मध्य प्रदेश....'

सीएम चौहान ने पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कमलनाथ ने राज्य को बदनाम किया है. कमलनाथ पर आरोपों की बौछार करते हुए कहा "मध्य प्रदेश कमलनाथ का राज्य नहीं है. उन्हें राज्य से कोई लगाव नहीं है. उन्होंने मध्य प्रदेश को बदनाम किया है. मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश कहना राज्य और राज्य के लोगों का अपमान है. यदि कमलनाथ ने ऐसा किया है मुझसे राजनीतिक दुश्मनी है, मुझ पर निशाना साधो लेकिन मध्य प्रदेश का अपमान क्यों करते हो?"

'BJP के कई नेता कांग्रेस में होने जा रहे शामिल'

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दावा किया कि बीजेपी से कई लोग कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले हैं. कमलनाथ ने यह टिप्पणी भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए की. उन्होंने कहा “BJP के कई लोग कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं और वे सभी सच्चाई का समर्थन करेंगे. वे मध्य प्रदेश के मतदाताओं की भावनाओं को समझते हैं इसलिए वे कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं.”

राज्य की 230 सीटों पर मतदान

भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है. राज्य की 230 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होंगे. वहीं 3 दिसंबर को परिणाम आएंगे. मतदान और मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. चुनाव आयोग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के कुल 5.6 करोड़ मतदाताओं में 2.88 करोड़ पुरुष और 2.72 करोड़ महिला मतदाता हैं.  22.36 लाख वोटर पहली बार मताधिकार का उपयोग करेंगे.

यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, 7 से 30 नवंबर तक एग्जिट पोल पर लगाई रोक