'महुआ मोइत्रा मेरी भाभी हैं...', TMC की हार के बाद बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने क्यों किया ऐसा दावा?
बंगाल चुनाव में TMC की करारी हार के बाद BJP सांसद निशिकांत दुबे ने महुआ मोइत्रा पर तीखा तंज कसा है. उन्होंने महुआ मोइत्रा को अपनी 'भाभी बताया है. अब उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने टीएमसी को सत्ता से बेदखल कर दिया है. टीएमसी की करारी हार के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. TMC सांसद महुआ मोइत्रा और BJP सांसद निशिकांत दुबे के बीच एक बार फिर जुबानी जंग देखने को मिली है.
हालांकि दोनों नेता पहले भी संसद और सोशल मीडिया पर कई बार आमने-सामने आ चुके हैं, लेकिन इस बार निशिकांत दुबे ने महुआ मोइत्रा को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसने राजनीतिक गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है. उन्होंने टीएमसी सांसद पर ऐसा तंज कसा है कि उसकी चारों तरफ चर्चाएं हो रही हैं.
कहां से शुरू हुआ ये पूरा विवाद?
गौरतलब है कि यह मामला महुआ मोइत्रा के एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा हुआ है. दरअसल 1 मई को किए गए अपने पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने बीजेपी नेताओं पर जमकर निशाना साधा था. उन्होंने लिखा था कि कुछ बीजेपी सांसद बंगालियों को बांग्लादेशी और रोहिंग्या कहते हैं, जबकि उनके परिवार के लोग बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान ढाकाई जामदानी साड़ियों की खरीदारी करते हैं. महुआ ने इस पोस्ट के जरिए बीजेपी पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया था. उस समय उनके इस बयान की काफी चर्चा भी हुई थी.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने किया पलटवार
अब बंगाल चुनाव के परिणाम आ चुके हैं और बीजेपी को प्रचंड बहुमत भी मिल गया है. टीएमसी की इस करारी हार के बाद अब बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने उसी पोस्ट को शेयर करते हुए महुआ मोइत्रा पर तीखा तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने महुआ जी के पोस्ट पर काफी गंभीरता से विचार किया है. दुबे ने आगे कहा कि सीनियर लीडर पिनाकी मिश्रा उनके पुराने दोस्त हैं, इसलिए अब महुआ मोइत्रा उनकी 'भाभी' जैसी हैं. उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग इस पर अलग-अलग कमेंट भी करने लगे.
जमदानी साड़ी को लेकर भी किया कटाक्ष
निशिकांत दुबे ने अपनी पोस्ट में आगे मजाकिया लहजे में कहा कि बंगाल में टीएमसी की हार के बाद उन्होंने बांग्लादेश के नए राजदूत से आग्रह किया है कि महुआ मोइत्रा के लिए ढाका में जामदानी साड़ियों का शोरूम या बुनकर केंद्र खुलवाया जाए. उन्होंने लिखा कि इससे लोगों को असली ढाकाई जामदानी साड़ी ढूंढने के लिए किसी से पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अब उनका यह बयान राजनीतिक तंज के साथ-साथ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
टीएमसी को जनता ने सत्ता से फेंका बाहर
गौरतलब है कि 4 मई को आए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को कराई हार मिली है. जहां बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की तो वहीं टीएमसी 80 सीटों पर ही सिमट कर रह गई. यहां तक की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी भवानीपुर सीट से चुनाव हार गईं. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है. पिछले 15 सालों से सत्ता की कुर्सी पर बैठी ममता बनर्जी को ये हार बर्दाश्त नहीं हुई और उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा देने से भी इनकार कर दिया है.
और पढ़ें
- असम में बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह की डेट फाइनल, इस तारीख को होगी हिमंत सरकार की ताजपोशी
- महाराष्ट्र को दहलाने की साजिश नाकाम! खंजर, तलवारें और कोयता जैसे साढ़े चार हजार से ज्यादा धारदार हथियार बरामद
- 'उन्हें जनादेश मिल चुका है...राज्यपाल का यह व्यवहार असंवैधानिक', मतभेदों के बावजूद विजय के समर्थन में उतरे प्रकाश राज