एक दीवाने फैन ने दिल्ली की इन्फ्लुएंसर से की शादी की जिद, पीट-पीटकर कर दी गई हत्या

दिल्ली में इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट से शादी की जिद में उनके घर घुसे युवक अभिनव की पिटाई के बाद अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

X
Sagar Bhardwaj

दिल्ली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट से शादी करने की जिद में उनके घर में घुसे एक युवक की मौत हो गई. परिजनों और पड़ोसियों की पिटाई के बाद युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. पुलिस ने इन्फ्लुएंसर के पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

दिल्ली के मधु विहार इलाके में 7 नवंबर को एक युवक जबरन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर में घुस गया. युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अभिनव के रूप में हुई है. वह चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था. घर में घुसकर उसने नेहा से शादी करने की जिद की. एफआईआर के मुताबिक, वह उस समय शराब के नशे में था.

परिवार और पड़ोसियों ने की पिटाई

अभिनव की हरकत से गुस्साए नेहा के परिवार वालों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस को  अभिनव की पीठ और दाएं पैर में गंभीर चोटें मिलीं. उसे राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.


एकतरफा प्यार में उठा लिया कदम

पुलिस की जांच में सामने आया कि अभिनव लंबे समय से नेहा बिष्ट के सोशल मीडिया वीडियो देखता था और उससे एकतरफा प्यार करने लगा था. वह कुछ महीने पहले भी नेहा के घर प्रशंसक के तौर पर पहुंचा था. नेहा के इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वह इन दिनों अपनी सगाई और आगामी शादी से जुड़े वीडियो भी साझा कर रही थीं. पुलिस के मुताबिक, अभिनव उनकी दूसरी जगह शादी होने से परेशान था, जबकि नेहा उसे जानती तक नहीं थीं.

पिता और पड़ोसी गिरफ्तार

अभिनव की मौत के बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है. इस मामले में नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके. मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच जारी है.