IMD

नवरात्रि में काल बनकर आए 3 हादसे, कहीं पूजा पंडाल में चीख-पुकार; कहीं सड़क पर मौत का तांडव

नवरात्रि के उत्सव के बीच देश के तीन अलग-अलग शहरों में हुए हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया.

Reepu Kumari

Navratri Tragedies: नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की आराधना, आस्था और उत्साह का प्रतीक है. इन दिनों मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. लेकिन शनिवार को देश के तीन अलग-अलग हिस्सों से आई खबरों ने उत्सव के माहौल को गम में बदल दिया. कोलकाता, ग्वालियर और तेलंगाना में हुए हादसों में कुल 33 लोगों की जान चली गई. कहीं भीड़ के बीच भगदड़ मची, तो कहीं बेकाबू ट्रक और गिरते लाइटिंग स्टैंड ने लोगों की जान ले ली.

कोलकाता: दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 की मौत

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम करीब 7:40 बजे हादसा हुआ. मूसलाधार बारिश के बीच पंडाल परिसर में भारी भीड़ जमा थी. इसी दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढह गया और वहां भगदड़ मच गई. इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए. कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में 13 महिलाएं और एक मासूम बच्चा भी शामिल है.

पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान

हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है. घायलों के मुफ्त इलाज के साथ प्रत्येक घायल को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा भी की गई है. हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.


ग्वालियर: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चीनोर रोड पर शीतला माता मंदिर के पास धान से लदा एक ट्रक बेकाबू हो गया. मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़ते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई. कई लोग घायल हुए हैं. ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए. पांच से छह घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

तेलंगाना: डांडिया कार्यक्रम में गिरा लाइटिंग स्टैंड

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के नादरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में नवरात्रि के दौरान डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जश्न के बीच अचानक लाइटिंग स्टैंड गिर गया. इस हादसे में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की प्रथम वर्ष की छात्रा सोना नारायण दास की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी बहन मीना नारायण दास गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें नादरगुल के पास प्रत्युष अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई है. इस घटना में कुल 12 छात्र घायल हुए हैं.