नासिक बाबा कांड में चौंकाने वाला खुलासा, रेप से पहले महिलाओं को खारा-कड़वा पानी पिलाता था अशोक खरात
अशोक खरात के खिलाफ यौन शोषण के मामले में नया खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में पता चला है कि खरात महिलाओं का शोषण करने से पहले उन्हें एक खास तरह का तरल पदार्थ पिलाता था. यह खारा और कड़वा पानी होता था, जिसे पीने के बाद महिलाओं को चक्कर आने लगते थे.
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नासिक में स्वयंभू बाबा कहे जाने वाले अशोक खरात के खिलाफ यौन शोषण के मामले में नया खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में पता चला है कि खरात महिलाओं का शोषण करने से पहले उन्हें एक खास तरह का तरल पदार्थ पिलाता था. यह खारा और कड़वा पानी होता था, जिसे पीने के बाद महिलाओं को चक्कर आने लगते थे.
नासिक बाबा कांड में चौंकाने वाला खुलासा
18 मार्च को गिरफ्तार किए गए अशोक खरात नासिक जिले के मिरगांव में ईशानेश्वर मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख हैं. वे खुद को ज्योतिषी और कैप्टन बताते थे. एक महिला ने उनके खिलाफ तीन साल से ज्यादा समय तक बार-बार बलात्कार का आरोप लगाया था. अब तक सरकारवाड़ा पुलिस थाने में उनके खिलाफ 10 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें आठ यौन शोषण और दो धोखाधड़ी से जुड़ी हैं.
अदालत में सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक शैलेंद्र बागडे ने बताया कि आरोपी जांच में पूरा सहयोग नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा कि कई महिलाएं अब भी आगे आ रही हैं और शिकायत दर्ज करा रही हैं. खरात पीड़िताओं को बहलाने-फुसलाने के लिए यह खारा पानी दिया करता था. पुलिस इस तरल पदार्थ की भी जांच कर रही है कि इसमें क्या मिलाया जाता था.
फोन डेटा की जांच में बड़ा खुलासा
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन का डेटा और क्लोन रिपोर्ट प्राप्त कर ली है. जांच एजेंसी अब यह देख रही है कि क्या खरात ने अपने संपर्कों खासकर राजनीतिक नेताओं के नाम फर्जी पहचान से सेव किए थे. उसके फोन में 2500 से ज्यादा गुप्त नंबर्स मिले हैं. डिजिटल सबूतों की जांच अभी जारी है. खरात की पुलिस हिरासत को नासिक की अदालत ने 1 अप्रैल तक बढ़ा दी है.
अभियोजक ने अदालत को बताया कि आरोपी की संपत्तियों की भी जांच बाकी है. खरात कई वर्षों से महाराष्ट्र के प्रमुख राजनेताओं से जुड़े रहे हैं. मामला तब सुर्खियों में आया जब एक महिला ने खरात पर धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर बार-बार शोषण करने का आरोप लगाया. पुलिस ने उसके फार्महाउस और ऑफिस में छापेमारी की, जिसमें कई संदिग्ध वीडियो और सबूत मिले. जांच टीम पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है.