मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों धुरंधर फ्रैंचाइजी की धूम मची हुई है. निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज रिलीज के महज 11 दिनों में ही 1365 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. पहले भाग धुरंधर ने भी 1350 करोड़ के आसपास वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. दोनों फिल्मों ने मिलकर 2400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.
रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी, सारा अर्जुन जैसे कलाकार महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं. फिल्म स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जिसमें रणवीर पाकिस्तान में भारतीय जासूस के रोल में नजर आए.
आदित्य धर के पुराने गुरु और वेटरन डायरेक्टर प्रियदर्शन ने फिल्म की तारीफों के पुल बांध दिए हैं. इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा- 'आज आदित्य मुझे मोटिवेट कर रहा है. मैंने उसे कुछ नहीं सिखाया, लेकिन वह काम करते-करते सीख गया. उसका काम मुझे इंस्पायर कर रहा है.'
प्रियदर्शन ने याद किया कि आदित्य धर लगभग दो दशक पहले उनके साथ जुड़े थे. उन्होंने आक्रोश और तेज़ फिल्मों पर असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया और डायलॉग भी लिखे. उरी से डायरेक्टोरियल डेब्यू करने से पहले आदित्य ने प्रियदर्शन के साथ काफी समय बिताया.
प्रियदर्शन ने कहा, 'मुझे फिल्म बहुत पसंद आई. आदित्य ने बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा की पूरी थ्योरी तोड़ दी. लोग कहते थे कि फिल्म इस तरह शूट करनी चाहिए या उस तरह, लेकिन उसने सब कुछ तोड़ा और सफल हो गया.' उन्होंने आगे कहा कि आदित्य धर ने जो क्रांति पैदा की है, वह ऐतिहासिक है. अब वह आराम से सो सकते हैं. धुरंधर को शोले बनाने वालों की तरह याद रखा जाएगा.'
यह तारीफ इसलिए भी खास है क्योंकि प्रियदर्शन खुद कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं. उन्होंने माना कि आदित्य ने उनसे बेहतर तरीके से चीजें कीं और इसी वजह से धुरंधर जैसी ब्लॉकबस्टर बनी. धुरंधर फ्रैंचाइजी ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि बॉलीवुड की पारंपरिक फिल्म बनाने की सोच को भी चुनौती दी है. पहले पार्ट ने भारत में 840 करोड़ नेट कलेक्शन का रिकॉर्ड बनाया था, जबकि सीक्वल तेजी से दंगल को पीछे छोड़ने की राह पर है.