menu-icon
India Daily

जिम बना अपराध का नया अड्डा? नरेला में प्रॉपर्टी डीलर, यमुनानगर में ट्रांसपोर्टर की हत्या

दिल्ली के नरेला और हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह जिम के बाहर गोलीबारी की दो अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी. नरेला में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद और यमुनानगर में 62 वर्षीय ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह को निशाना बनाया गया.

babli
Edited By: Babli Rautela
जिम बना अपराध का नया अड्डा? नरेला में प्रॉपर्टी डीलर, यमुनानगर में ट्रांसपोर्टर की हत्या
Courtesy: AI

दिल्ली से सटे हरियाणा और राजधानी के आसपास गुरुवार की सुबह हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी. बाहरी दिल्ली के नरेला और हरियाणा के यमुनानगर में जिम के बाहर दो लोगों को निशाना बनाकर गोली मार दी गई. नरेला में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की हत्या हुई, जबकि यमुनानगर में 62 वर्षीय ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह को गोलियों से भून दिया गया.

दोनों घटनाएं अलग-अलग जगहों पर हुईं, लेकिन शुरुआती जानकारी में इनके बीच एक अहम समानता सामने आई है. दोनों पीड़ित सुबह जिम जाने के लिए घर से निकले थे और जिम के बाहर हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया. वारदात के बाद आरोपी वाहन से मौके से फरार हो गए. हालांकि, दोनों मामलों के बीच किसी सीधे संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

नरेला में जिम के गेट पर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके के बाकनेर गांव में गुरुवार सुबह प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की गोली मारकर हत्या कर दी गई. प्रमोद मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और इसी सिलसिले में इलाके में आते-जाते रहते थे. जानकारी के मुताबिक, प्रमोद रोज की तरह सुबह जिम में कसरत करने पहुंचे थे. वह जिम के गेट के पास ही पहुंचे थे कि स्कूटी पर आए हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं.

फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद स्कूटी से वहां से निकल गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

CCTV फुटेज से जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने के साथ हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रमोद की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, कारोबारी विवाद या कोई अन्य कारण था. जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हमलावरों के आने और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

यमुनानगर में जिम के बाहर ट्रांसपोर्टर की हत्या

दूसरी वारदात हरियाणा के यमुनानगर के मॉडल टाउन इलाके में सामने आई. यहां करीब 62 वर्षीय ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह को जिम के बाहर गोली मार दी गई. वह प्रेम नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और ट्रांसपोर्ट कारोबार के साथ फाइनेंस का काम भी करते थे. हरभजन सिंह नियमित रूप से जिम जाते थे. गुरुवार सुबह भी वह अपने घर से जिम के लिए निकले थे. जिम के बाहर पहुंचने के दौरान ही हमलावरों ने उन्हें निशाना बना लिया और फायरिंग शुरू कर दी.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने हरभजन सिंह पर 10 से ज्यादा गोलियां चलाईं. अचानक हुई गोलीबारी से मॉडल टाउन इलाके में हड़कंप मच गया. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए.