US Israel Iran War

'ताज और ट्राइडेंट होटल पर होगा आतंकी हमला', धमकी भरे कॉल से मुंबई पुलिस की उड़ी नींद; एक हिरासत में

मुंबई के प्रतिष्ठित ताज और ट्राइडेंट होटल को आतंकी हमले की धमकी मिली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सायन इलाके से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे हमले की साजिश पर पूछताछ जारी है.

AI Generated Image
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब शहर के दो सबसे प्रतिष्ठित होटलों ताज और ट्राइडेंट को आतंकी हमले की धमकी भरा कॉल आया. इस अज्ञात कॉल ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मचा दिया। हालांकि मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत तकनीकी जांच शुरू की और कॉल को ट्रेस कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और गहन पूछताछ शुरू कर दी है.

धमकी भरा कॉल प्राप्त होते ही मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया. जांच के दौरान कॉल की लोकेशन सायन इलाके में पाई गई जहां से पुलिस ने एक संदिग्ध को अपनी हिरासत में लिया है. वर्तमान में इस व्यक्ति से पूछताछ जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस कॉल के पीछे का असल मकसद क्या था. क्या यह केवल अफवाह फैलाने की कोशिश थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ी और गंभीर आतंकी साजिश रची जा रही थी.

ताज और ट्राइडेंट- सिर्फ होटल नहीं बल्कि गौरवशाली विरासत का हिस्सा

ताज और ट्राइडेंट होटल केवल आलीशान इमारतें नहीं हैं बल्कि ये देश की गौरवशाली विरासत का हिस्सा हैं. इन दोनों ही विश्वस्तरीय होटलों का मालिकाना हक मशहूर ओबेरॉय ग्रुप के पास है. यहां अक्सर अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्ति और बड़ी हस्तियां ठहरती हैं जिसके कारण इनकी सुरक्षा सर्वोपरि होती है. ऐसी धमकियां न केवल प्रशासन की नींद उड़ा देती हैं बल्कि मुंबई की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान खड़ा करती हैं. पुलिस अब होटलों के चप्पे-चप्पे की बहुत गहन तलाशी भी ले रही है.


26/11 के जख्मों की कड़वी यादें

ताज होटल का जिक्र आते ही हर हिंदुस्तानी के मन में 2008 में हुए 26/11 हमले के कड़वे अनुभव ताजा हो जाते हैं. उस भीषण आतंकी हमले ने न केवल मुंबई बल्कि पूरे देश के दिल को दहला कर रख दिया था. आतंकियों ने उस समय समुद्र के रास्ते आकर शहर के मुख्य ठिकानों को अपना निशाना बनाया था. आज मिली इस नई धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को उसी पुराने खौफनाक दौर की याद दिला दी है इसलिए अब सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है.