MP में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने आखिर क्यों किया अपना 'मुंह काला'? दिग्विजय सिंह भी रहे साथ
फूल सिंह बरैया ने कहा था कि अगर भाजपा मध्य प्रदेश चुनाव में जीतती है तो वे 7 दिसंबर को अपना मुंह काला कर लेंगे. अब नतीजों में भाजपा को 163 सीटों पर जीत हासिल हुई है.
MP Election Results 2023: मध्य प्रदेश में हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है. हालांकि कांग्रेस के लिए ये एक बड़ा झटका है, क्योंकि कांग्रेस की ओर से राज्य की सत्ता हासिल करने के लिए बड़े-बड़े दावे किए गए थे. इसी क्रम में कांग्रेस के विधायक फूल सिंह बरैया ने भी ऐलान किया था कि अगर भाजपा राज्य में 50 से ज्यादा सीटें जीतती है तो वे 7 दिसंबर को अपना मुंह काला कर लेंगे.
विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली है प्रचंड जीत
भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 163 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है. ऐसे में फूल सिंह बरैया गुरुवार यानी आज बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भोपाल में राजभवन के सामने पहुंचे. हालांकि बरैया के इस कदम को देखते हुए भोपाल प्रशासन अलर्ट पर रहा.
पुलिस ने उन्हें रोशनपुरा चौराहे पर ही रोक दिया. कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें समर्थकों के साथ आगे नहीं जाने दिया गया. इसी दौरान फूल सिंह बरैया ने प्रतीकात्मक रूप से अपने चेहरे पर काला टीका लगाया. बताया गया है कि इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे.
कांग्रेस विधायक ने ईवीएम पर फोड़ा ठीकरा, कहा- बैलेट पेपर से हों चुनाव
नारेबाजी के दौरान फूल सिंह बरैया ने कहा कि चुनाव में अब ईवीएम का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम के इस्तेमाल से भाजपा ने गड़बड़ी की है. उन्होंने कहा कि अगर बैलेट पेपर के जरिए चुनाव होता तो भाजपा सिर्फ 50 सीटों पर ही सिमट जाती. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फूल सिंह बरैया ने पूर्व में ही ऐलान किया था कि अगर भाजपा जीतती है तो वे 7 दिसंबर को अपना मुंह काला कर लेंगे.