जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 2 की मौत और 15 घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बुधवार सुबह पेचाउंड से रामनगर जा रही बस गुल्ली गाला के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की सूचना है.
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां पेचाउंड से रामनगर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य यात्री घायल हुए हैं. हादसा सुबह करीब 8 बजे बसंतगढ़ तहसील के गुल्ली गाला इलाके में हुआ.
अधिकारियों के मुताबिक, बस रामनगर की ओर जा रही थी. गुल्ली गाला के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गई.
राहत एवं बचाव अभियान शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. इसके बाद आपातकालीन टीमें और वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया.
Also Read
हादसे में घायल लोग
हादसे में घायल 15 लोगों को इलाज के लिए बसंतगढ़ के पब्लिक हेल्थ सेंटर और रामनगर के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. उनके मुताबिक, 10 घायल रामनगर के एसडीएच पहुंचे, जिनमें से तीन को आगे के इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर भेजा जा रहा है. तीन और एंबुलेंस को भी रामनगर भेजा गया.
डॉ. जितेंद्र सिंह ने लिया हादसे का संज्ञान
उधमपुर से लोकसभा सांसद और केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे का संज्ञान लिया. उन्होंने उधमपुर के जिला आयुक्त अनंत द्विवेदी से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली और अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए.
डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि स्थानीय लोगों की समय पर मदद से बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया. उन्होंने कहा कि उनका कार्यालय लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में है और घायलों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
सड़क के निर्माण का मुद्दा उठाया
केंद्रीय मंत्री ने रामनगर-बसंठगढ़ सड़क के निर्माण का मुद्दा भी बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन के अधिकारियों के सामने उठाया है. उन्होंने इस सड़क से जुड़े काम को लेकर BRO अधिकारियों से नई दिल्ली में बातचीत करने की जानकारी दी.
गौरतलब है कि उधमपुर जिले में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है. इससे पहले 15 अक्टूबर को जॉनू के पास एक मिनीबस सड़क से फिसलकर गड्ढे में जा गिरी थी. उस हादसे में 18 लोग घायल हुए थे, हालांकि किसी की मौत नहीं हुई थी.