Manipur Flood: चक्रवात रेमल तूफान ने पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में तबाही मचाई. पश्चिम बंगाल सहित पूर्व के सभी राज्य भारी बारिश के चलते काफी ज्यादा प्रभावित हुए हैं. भारी बारिश के कारण यहां के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. नदियों का पानी बढ़ने की वजह से सड़कें बह गईं.मणिपुर की इंफाल घाटी में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई. बाढ़ से बिगड़े हालात के कारण भारतीय सेना और असम राइफल्स के जवानों ने लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया.
भारतीय सेना और असम राइफल्स मणिपुर और मिजोरम राज्यों में चक्रवात रेमल के दौरान हुई मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं. भारतीय सेना ने 27 मई को प्रशासन के अनुरोध पर तुरंत ही अपने ऑपरेशन को शुरू कर दिया. आपदा से प्रभावित नागरिकों को सेना के जवानों ने तत्काल राहत और सहायता प्रदान की है.
#WATCH | Indian Army and Assam Rifles are conducting extensive relief and rescue operations in the flood-like situation caused due to torrential rains during Cyclone Remal in the states of Manipur and Mizoram: Indian Army Officials pic.twitter.com/YggCsR8J8o
— ANI (@ANI) May 30, 2024
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक प्राप्त की गई जानकारी के मुताबिक, सेना ने मणिपुर में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में 1500 से अधिक महिलाओं 800 बच्चों और 4000 से अधिक लोगों को सफलतापूर्वक बचाया जा चुका है. सेना की ओर से इस दौरान लोगों को खाने के पैकेट भी वितरित किए गए. जल आपूर्ति की समस्या को देखते हुए घरों तक पीने का पानी भी उपलब्ध कराया गया है.
एक अधिकारी ने बताया कि इंफाल के पूर्वी जिले के हिंगांग और खुरई विधानसभा क्षेत्रों के कई इलाके बुरी तरह से बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों की छत तक पहुंच गया है. अधिकारियों का कहना है राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम भी बचाव अभियान में जुटी है.