Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली में कार द्वारा टक्कर मारे जाने और 10 मीटर तक घसीटे जाने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह दुर्घटना दिल्ली के कनॉट प्लेस में बुधवार को घटी थी. 28 वर्षीय कार चालक शिवम दुबे को पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तार कर लिया है. मृतक का नाम लेखराज था. वह बेघर था. बाराखम्भा रेडियल रोड पर लेखराज रोड क्रॉस कर रहा था तभी शिवम ने अपने कार से उसे टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद लेखराज कथित तौर पर पहिए में फंस गया. टक्कर के बाद लेखराज को दस मीटर तक कार ने घसीटा.
आरोपी अपने दोस्त की कार मांगकर किसी से मिलने आया था. पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी. घटना के बाद कार चालक फरार हो गया था. हालांकि, दुर्घटना के एक दिन बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार कार की चपेट में आ जाने से लेखराज की मौत हुई. दुर्घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के मूल निवासी दुबे ने दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर में रहने वाले एक दोस्त से कार उधार ली थी, ताकि वह कॉनॉट प्लेस में किसी से मिल सके. बुधवार की दोपहर करीब 3.25 बजे लौटते समय कथित तौर पर एक बेघर व्यक्ति लेखराज को शिवम ने टक्कर मार दी, जो कॉनॉट प्लेस के बाहरी सर्कल में बाराखंभा रेडियल रोड के पास सड़क पार कर रहा था. पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है, जिससे टक्कर मारी गई थी.
दिल्ली पुलिस के अनुसार 15 मई 2024 तक दिल्ली में इस साल 518 लोगों की मौत सड़क दुर्घटना के चलते हुई है. पिछली साल इसी अवधि में सड़क दुर्घटना के चलते 544 लोगों की मौत हुई थी.