'मेरे ऊपर बुलडोजर चला दो', अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले के बाद BJP पर बरसीं ममता बनर्जी

अभिषेक बनर्जी के घर पर कथित हमले और काली पूजा में बाधा डालने के आरोपों को लेकर ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधा.

X
Sagar Bhardwaj

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के घर पर हुए कथित हमले को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. अभिषेक से मुलाकात के बाद उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा, "तुम्हारे पास कितने बुलडोजर हैं? आओ, मैं तुम्हारे सामने खड़ी हूं. मेरे शरीर और सीने पर बुलडोजर चलाकर दिखाओ. मैं देखना चाहती हूं कि तुममें कितनी हिम्मत है."

अभिषेक ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप

इससे पहले अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि रात करीब 2 बजे कालाघाट रोड स्थित उनके आवास पर बीजेपी समर्थित गुंडों ने हमला किया. उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थकों और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट के समर्थकों के बीच झड़प के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया. डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उनके घर की दो दिनों तक लगातार रेकी की गई और फिर हमला हुआ. उन्होंने इसे जानलेवा हमला बताते हुए कहा कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है. उन्होंने पुलिस कार्रवाई और न्यायिक हस्तक्षेप नहीं होने पर भी सवाल उठाए.

काली पूजा में बाधा डालने का आरोप

ममता बनर्जी ने कोलकाता के कालीघाट इलाके में पारंपरिक काली पूजा समारोहों में बाधा डालने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कुछ पुरानी पूजाओं की अनुमति रद्द कर दी गई, जबकि नई पूजा को मुख्य सड़क पर आयोजित करने की इजाजत दी गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि काली पूजा और दिवाली से पहले पारंपरिक आयोजनों को क्यों रोका जा रहा है. ममता के मुताबिक, स्थानीय क्लबों को भी अपनी गतिविधियां करने से रोका गया है. उन्होंने बीजेपी पर इलाके में अशांति फैलाने के लिए गुंडागर्दी का सहारा लेने का आरोप लगाया.