नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया है. खास बात यह है कि लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस में लंच का आयोजन हो रहा है. अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि लंच के बाद राहुल गांधी और विपक्षी सांसद क्या करेंगे? क्या वे फिर किसी प्रदर्शन या मार्च का रुख करेंगे या आज का कार्यक्रम सिर्फ आपसी चर्चा तक सीमित रहेगा?
खड़गे के निमंत्रण में लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के सभी सांसदों को शामिल होने के लिए कहा गया है. लंच कनॉट प्लेस के K-14, आउटर सर्किल स्थित मोएट्स में रखा गया है. कनॉट प्लेस का चुनाव भी राजनीतिक तौर पर चर्चा का विषय बना हुआ है. यह इलाका जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास है. ऐसे में लंच के बाद विपक्ष की अगली गतिविधि को लेकर अटकलें तेज हैं.
इससे एक दिन पहले यानी 7 अक्टूबर को भी खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच आयोजित किया था. लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के कई अन्य सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया था. करीब दो घंटे बाद सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया.
इस प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की सहित कई आरोप लगाए हैं.
विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन 6 अक्टूबर को भी देखने को मिला था. उस दिन राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद सांसदों ने विरोध जताया. बताया गया कि विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन के एक गेट से अंदर गए और दूसरी तरफ से बाहर निकले. इसके बाद उन्होंने सड़क पर भी विरोध प्रदर्शन किया.
लगातार तीन दिनों से विपक्षी सांसदों की गतिविधियों को देखते हुए आज का दिन भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. खड़गे के लंच के बाद विपक्ष का अगला कदम क्या होगा, इस पर सभी की नजर है. अगर आज भी लंच के बाद विपक्षी सांसद प्रदर्शन या मार्च करते हैं, तो यह लगातार दूसरा दिन होगा जब लंच के बाद विपक्ष सड़क पर नजर आएगा.