लाल किले पर स्‍वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं हुए खड़गे, कांग्रेस ने बताई वजह

Independence Day 2023: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण कर देश को संबोधित किया. इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अनुपस्थित रहे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुरक्षा कारणों के चलते मल्लिकार्जुन खड़गे समारोह में हिस्सा नहीं ले पाए.

Purushottam Kumar

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण कर देश को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कई मुद्दों का जिक्र किया. इस कार्यक्रम में कई दिग्गज नेता शामिल हुए लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अनुपस्थित रहे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुरक्षा कारणों के चलते मल्लिकार्जुन खड़गे समारोह में हिस्सा नहीं ले पाए. हालांकि, बाद में कांग्रेस ने इस बयान जारी कर समारोह में खड़गे के शामिल नहीं होने के पीछे की वजह बताई.

कांग्रेस ने बताई वजह
लाल किले पर आयोजित समारोह में मल्लिकार्जुन खड़गे की अनुपस्थिति को लेकर कांग्रेस की तरफ से एक बयान जारी किया गया है. कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे जी पहले से ही स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में व्यस्त हैं. मंत्री समेत कई लोग लाल किले तक नहीं पहुंच पाते हैं. वह एआईसीसी मुख्यालय पर झंडा फहराने आएंगे.

ये भी पढ़ें: '...ये मोदी की गारंटी', अगले 5 साल में देश 3 वैश्विक इकॉनोमी में होगा शामिल

पूर्व सरकार पर पीएम का हमला
देश को संबोधित करने के दौरान पीएम मोदी ने पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधा है. पीएम मोदी ने खासतौर पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व सरकार को घेरा है. अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि जब हम सत्ता में आए थे तब वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में हम 10वें स्थान पर थे और आद हम 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं. पीएम ने आगे कहा कि ऐसा इसलिए संभव हुआ क्योंकि हमने भ्रष्टाचार के राक्षस को रोका और एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनाई.

खड़गे का पीएम मोदी पर हमला
एआईसीसी मुख्यालय में ध्वजारोहण के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर निशाना साधा. खड़गे  ने कहा कि राष्ट्र निर्माण एक सतत प्रक्रिया है. हमारे आजादी के महान नायकों ने इस सपने को साकार किया है. आज कल कुछ लोग जताते हैं कि भारत की प्रगति कुछ वर्षों में हुई ही नहीं है लेकिन वे ग़लत सोचते हैं. जब यहां सुई भी नहीं बनती थी तब पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू जी ने इस्पात संयंत्र स्थापित किए, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां बनाई, देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए. उन्होंने IIT, IIM, AIIMS, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान इसरो की भी स्थापना की और देश में परमाणु अनुसंधान की नींव रखी.

ये भी पढ़ें: लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10वें संबोधन की बड़ी बातें