IPL 2026 US Israel Iran War Weather IMD

'परमपिता परमात्मा की मर्जी से हुआ...', सूरजकुंड मेले हादसे पर हरियाणा के मंत्री का अजीबोगरीब बयान

'सुनामी' नाम के एक झूले पर हादसा हुआ. झूले पर करीब 18 लोग सवार थे. अचानक झूला ऊपर जाकर रुक गया और फिर असंतुलित होकर नीचे की ओर गिर पड़ा. इस घटना के बाद हरियाणा सरकार के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा का बयान चर्चा में बना हुआ है.

Social Media
Anuj

फरीदाबाद: सूरजकुंड मेला मैदान में हुए झूले हादसे को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमा गई है. इस घटना के बाद हरियाणा सरकार के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा का बयान लगातार चर्चा में बना हुआ है. मंत्री ने हादसे को लेकर कहा कि यह दुर्घटना किसी लापरवाही के कारण नहीं बल्कि 'भगवान की मर्जी' से हुई है. उनके इस बयान के बाद विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है.

पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मेले में लगे सभी झूले पूरी तरह सुरक्षित थे. उन्होंने दावा किया कि प्रशासन की ओर से रोजाना झूलों की जांच और सर्टिफिकेशन किया जाता है. हादसे वाले दिन भी झूलों को फिट घोषित किया गया था. मंत्री के मुताबिक, सभी जरूरी नियमों और मानकों का पालन किया गया था, इसके बावजूद यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई, जो नहीं होनी चाहिए थी. उन्होंने इसे ईश्वर की इच्छा बताया.

'AAP' नेता ने किया तीखा हमला

हालांकि, मंत्री के इस बयान को आम आदमी पार्टी ने गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सरकार की कड़ी आलोचना की. उन्होंने लिखा कि हरियाणा सरकार के मंत्री का शर्मनाक बयान. कह रहे हैं हादसा सरकार की गलती से नहीं बल्कि भगवान की मर्जी से हुआ. जब डिप्टी कमिश्नर ने झूले फिट होने का फर्जी सर्टिफिकेट दिया तो FIR अकेले वेंडर पर क्यों? DC सीनियर है, उसके खिलाफ ADC की जांच कमेटी कैसे जांच करेगी? नायब सिंह सरकार सूरजकुंड लापरवाही पर लीपापोती कर रही है.

'सुनामी' नाम के एक झूले पर हुआ हादसा

यह दुर्घटना 'सुनामी' नाम के एक झूले पर हुई थी. उस समय झूले पर करीब 18 लोग सवार थे. अचानक झूला ऊपर जाकर रुक गया और फिर असंतुलित होकर नीचे की ओर गिर पड़ा. इस हादसे में 11 लोग घायल हो गए. झूले पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी.

पुलिसकर्मी की मौत से शोक की लहर

हादसे के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए झूले पर फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की. इसी दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मी जगदीश प्रसाद ने भी लोगों को बचाने की कोशिश की. रेस्क्यू के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि झूला ऊंचाई से सीधे जमीन पर गिरता है. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर सुरक्षा नियमों में किसी तरह की चूक की गई थी.